
दंगा पीड़ित 36 परिवारों के आश्रितों को मिली सरकारी नौकरी
दिल्ली सरकार ने 1984 के सिख दंगों से प्रभावित 36 परिवारों के आश्रितों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे गरिमा और पहचान की मान्यता बताया। कार्यक्रम में कई महिलाएं शामिल थीं, जिन्होंने भावनाओं के साथ मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। यह कदम पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण है।
नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली सरकार ने वर्ष 1984 के सिख दंगों से प्रभावित परिवारों के 36 आश्रितों को शुक्रवार की दोपहर दिल्ली सचिवालय में सरकारी नौकरियों का नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह केवल नौकरियां नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों की गरिमा, अधिकार और पहचान की औपचारिक मान्यता है जो चार दशकों से न्याय और सम्मान की प्रतीक्षा कर रहे थे। 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के लिए न्याय की दिशा में यह कदम दिल्ली सरकार की संवेदना और जवाबदेही का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1984 के दंगे देश के इतिहास का ऐसा काला अध्याय हैं, जिन्हें भुलाना असंभव है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दंगा पीड़ित परिवार सम्मान, सुरक्षा और न्याय की लड़ाई दशकों से लड़ते आ रहे हैं। इन परिवारों ने अदालतों से लेकर सड़कों तक संघर्ष किया और अपनों को खोने का दर्द अभी तक उनके जीवन का हिस्सा रहा है। नियुक्ति-पत्र पाने वालों में महिलाएं भी शामिल कार्यक्रम भावनाओं से सराबोर था। नियुक्ति-पत्र पाने वालों में कई महिलाएं भी शामिल थीं। नियुक्ति-पत्र मिलते ही ये महिलाएं अपनी भावनाओं को रोक नहीं सकीं। कई महिलाएं नम आंखों के साथ मुख्यमंत्री को धन्यवाद देतीं नजर आईं। कुछ महिलाएं तो मुख्यमंत्री के गले लगकर भावुक हो उठीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें सांत्वना दी और कहा कि दिल्ली सरकार हर कदम पर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


