संपादित----अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के लिए 31 से पहले तैयार होगी दिल्ली

Jan 05, 2026 04:09 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नंबर गेम 15 फरवरी को पहला कार्यक्रम सेंट्रल पार्क में होगा 20 फरवरी को आयोजन

संपादित----अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के लिए 31 से पहले तैयार होगी दिल्ली

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में फरवरी में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट को लेकर दिल्ली सरकार ने तैयारियां तेज कर दी है। मुख्य सचिव राजीव वर्मा ने एनडीएमसी, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य विभाग और दिल्ली पुलिस सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर 31 जनवरी तक दिल्ली को पूरी तरह तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि 15 से 20 फरवरी के बीच भारत मंडपम, हैदराबाद हाउस और कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में एआई समिट से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में कई बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ-साथ प्रमुख एआई कंपनियों के सीईओ के शामिल होने की संभावना है।

समिट से जुड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम 15 फरवरी को सेंट्रल पार्क, कनॉट प्लेस में आयोजित करने का प्रस्ताव है। भारत मंडपम पर विशेष फोकस आयोजन स्थलों के आसपास सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई, सजावट, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। चूंकि, सबसे अधिक कार्यक्रम भारत मंडपम में होंगे, इसलिए प्रगति मैदान और आसपास के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। पर्यटन स्थल और बाजार भी सजेंगे मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन स्थलों के साथ-साथ उन बाजारों और पर्यटन स्थलों को भी बेहतर ढंग से सजाया जाए, जहां विदेशी मेहमानों के जाने की संभावना है। इसके लिए बाजार संगठनों से समन्वय किया जाएगा, ताकि मेहमानों को बेहतर अनुभव मिल सके। इन पर्यटन स्थलों में हुमायूं का मकबरा, कुतुबमीनार, लालकिला, इंडिया गेट, अक्षरधाम, राजघाट और चांदनी चौक शामिल हैं। एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक कड़ी सुरक्षा मुख्य सचिव ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट से लेकर होटलों और आयोजन स्थलों तक कड़े सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। इसके साथ ही विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवारा पशुओं को हटाने के निर्देश बेहतर तालमेल के लिए सभी विभागों को अलग-अलग कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रखने को कहा गया है। वहीं, नगर निगम और एनडीएमसी को आयोजन क्षेत्रों से आवारा पशुओं को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।