कालिंदी कुंज में बनेगा नया छठ घाट, खत्म होगी झाग की समस्या

May 07, 2026 12:08 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली सरकार ने कालिंदी कुंज में यमुना के झाग को खत्म करने के लिए एक योजना बनाई है। इसके तहत 100 करोड़ रुपये की लागत से भव्य छठ घाट तैयार किया जाएगा। यूपी के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा घाट का निर्माण होगा, लेकिन खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। इसके अलावा झाग खत्म करने के लिए धोबी घाट को स्थानांतरित करने और डाई फैक्ट्रियों पर सख्ती की जाएगी।

 कालिंदी कुंज में बनेगा नया छठ घाट, खत्म होगी झाग की समस्या

नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता कालिंदी कुंज में यमुना के बीच दिखने वाले झाग को खत्म करने के लिए दिल्ली सरकार ने महत्वपूर्ण योजना बनाई है। इसके तहत न केवल यमुना के झाग को खत्म किया जाएगा बल्कि कालिंदी कुंज में 100 करोड़ रुपये की लागत से भव्य छठ घाट भी तैयार किया जाएगा। यह घाट यूपी के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा बनाया जाएगा, लेकिन इसकी लागत का खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। जानकारी के अनुसार यमुना में कालिंदी कुंज के समीप साल भर झाग बना रहता है। कई बार इसे खत्म करने के प्रयास सरकार द्वारा किए गए, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस जगह को एक भव्य छठ घाट के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। बीते दिनों सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने इस जगह का दौरा भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किया था। अधिकारियों के साथ उन्होंने न केवल इस समस्या को समझा बल्कि इसके समाधान को लेकर उपायों पर भी चर्चा की।

छठ घाट का निर्माण

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि दिल्ली सरकार कालिंदी कुंज में भव्य छठ घाट बनाने जा रही है। इसके लिए यूपी सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग से बात हुई है जिनके पास यह जमीन है। उनके द्वारा यहां पर छठ घाट तैयार किया जाएगा और इसका पूरा खर्च दिल्ली सरकार की तरफ से उठाया जाएगा। यहां भव्य छठ घाट बनने से हजारों श्रद्धालु छठ के मौके पर पूजा-अर्चना कर सकेंगे। उन्हें यहां पर झाग से मुक्त साफ यमुना मिलेगी जिसमें खड़े होकर वह पूजा कर सकेंगे।

झाग खत्म करने के लिए उठाएंगे तीन कदम

धोबी घाट को स्थानांतरित करेंगे - दिल्ली सरकार द्वारा यमुना किनारे बने धोबी घाट को स्थानांतरित करने की योजना है ताकि यमुना में उनके द्वारा साफ किए जा रहे कपड़ों का पानी एवं सर्फ न जाए। इसके लिए ड्यूसिब को नीति बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डाई फैक्ट्रियों पर होगी सख्ती- उत्तर-पूर्वी दिल्ली में कुछ डाई की फैक्ट्री हैं जिनसे केमिकल यमुना में गिरता है। ऐसी फैक्ट्रियों को कई बार सील किया जाता है, लेकिन वह इसे तोड़कर दोबारा काम करने लगते हैं। ऐसी फैक्ट्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की तैयारी है।

रुड़की आईआईटी करेगी अध्ययन-कालिंगी कुंज के समीप झाग बनने का एक बड़ा कारण वहां तेजी से नीचे गिरने वाला पानी है। इसलिए यहां पर ऐसा स्लोप बनाने की योजना है जिससे पानी धीरे-धीरे गिरे और झाग न बने। आईआईटी रुड़की द्वारा इसे लेकर अध्ययन कर स्लोप तैयार कराया जाएगा।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

दिल्ली सरकार ने झाग खत्म करने के लिए कितनी लागत की योजना बनाई है?
दिल्ली सरकार ने कालिंदी कुंज में 100 करोड़ रुपये की लागत से भव्य छठ घाट तैयार करने की योजना बनाई है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।