होली पर महिलाओं और बेटियों को सरकार की चार बड़ी सौगातें

Mar 01, 2026 04:52 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

-राष्ट्रपति जारी करेंगी पिंक मोबिलिटी कार्ड, लखपति बिटिया योजना की होगी शुरुआतनई दिल्ली प्रमुख संवाददाता दिल्ली सरकार होली के मौके पर राजधानी की बेटियों एवं महिलाओं को चार बड़ी सौगातें सोमवार को देने...

 होली पर महिलाओं और बेटियों को सरकार की चार बड़ी सौगातें

दिल्ली सरकार होली के मौके पर राजधानी की बेटियों एवं महिलाओं को चार बड़ी सौगातें सोमवार को देने जा रही है। दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दिल्ली में लखपति बिटिया योजना की औपचारिक शुरुआत करेंगी। लाडली योजना के तहत 40 हजार से ज्यादा बेटियों के बैंक खाते में 100 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे। दिल्ली में मुफ्त बस सफर के लिए महिलाओं को पिंक मोबिलिटी कार्ड दिया जाएगा और होली के लिए मुफ्त सिलेंडर की राशि राशन कार्ड धारकों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार की ‘वन नेशन, वन कार्ड’ से प्रेरणा लेते हुए दिल्ली सरकार राजधानी की महिला निवासियों के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की शुरुआत करने जा रही है।

सोमवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में एक विशेष व भव्य कार्यक्रम ‘सशक्त नारी समृद्ध दिल्ली’ में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस महत्वाकांक्षी योजना (पिंक कार्ड) का शुभारंभ करेंगी। यह कार्ड दिल्ली निवासी महिलाओं को डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करेगा। साथ ही मेट्रो, रीजनल रेपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में एक ही स्मार्ट कार्ड के माध्यम से सशुल्क यात्रा हो सकेगी। इससे महिलाओं के दैनिक यात्रा खर्च में कमी आएगी और उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य तथा सामाजिक अवसरों तक सुगम पहुंच मिलेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार कार्ड जारी करने के लिए लगभग 50 केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनमें जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और एसडीएम कार्यालयों के साथ-साथ डीटीसी के चयनित केंद्र शामिल होंगे। प्रत्येक पिंक कार्ड लाभार्थी के मोबाइल नंबर और आधार से लिंक किया जाएगा। आधार के माध्यम से सत्यापन कर आयु (5 वर्ष से अधिक), लिंग (महिला) और दिल्ली निवास (दिल्ली पिन कोड के आधार पर) की पुष्टि की जाएगी। यह एक टच-फ्री और सुरक्षित स्मार्ट कार्ड होगा। इससे हर यात्रा का सही डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा। नकद लेन-देन कम होगा और आय का हिसाब-किताब अधिक साफ और पारदर्शी रहेगा। तीन तरह के कार्ड जारी होंगे पिंक कार्ड दिल्ली निवासी पात्र महिलाओं के लिए मुफ्त होगा ब्लू कार्ड सामान्य यात्रियों के लिए होगा ऑरेंज कार्ड मासिक पास उपयोगकर्ताओं के लिए जारी किया जाएगा दिल्ली लखपति बिटिया योजना का होगा शुभारंभ इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगी। मुख्यमंमत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार की पुरानी लाडली योजना को विस्तारित और सुदृढ़ रूप में ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ के रूप में पुनर्गठित किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व संरचना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र बालिका के नाम पर संस्थागत जन्म होने पर 11,000 रुपये और घरेलू जन्म होने पर 10,000 रुपये जमा किए जाते थे। इसके अतिरिक्त कक्षा एक, छह और नौवीं में प्रवेश, कक्षा दसवीं उत्तीर्ण करने तथा कक्षा बारह में प्रवेश जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक पड़ावों पर 5,000 रुपये की राशि जमा की जाती थी। यह संचित राशि ब्याज सहित 18 वर्ष की आयु में निकाली जा सकती थी। अब बालिका के नाम पर विभिन्न चरणों में कुल 56,000 रुपये जमा किए जाएंगे और ब्याज सहित 21 वर्ष की आयु तक यह परिपक्वता मूल्य 1 लाख रुपये से अधिक होने की उम्मीद है। यह नई योजना पूरी तरह डिजिटल होगी। फंड का प्रबंधन एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा और निवेश एसबीआई लाइफ धनराशि साधन के अंतर्गत होगा। विभाग द्वारा जमा की गई राशि बालिका की उम्र के साथ बढ़ती रहेगी और परिपक्वता पर पूरी संचित राशि सीधे लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। पात्रता और विस्तारित दायरा योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक न हो आवेदक परिवार पिछले तीन वर्षों से दिल्ली में रह रहा हो बालिका का जन्म दिल्ली में होना अनिवार्य है पंजीकरण जन्म के एक वर्ष के भीतर या निर्धारित शैक्षणिक पड़ावों पर कराया जा सकता है। यह लाभ प्रति परिवार दो जीवित बालिकाओं तक सीमित रहेगा लाडली योजना की बच्चियों को मिलेगी उनकी राशि इस कार्यक्रम के दौरान दिल्ली लाडली योजना के तहत 40,642 पात्र लाभार्थियों को 100.25 करोड़ रुपये की डिजिटल राशि उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। काफी समय से अपनी परिपक्वता राशि यह बेटियां प्राप्त नहीं कर पाई थी। यह राशि ‘मेरी पूंजी मेरा अधिकार’ के तहत प्रदान की जाएगी। वर्ष 2008 में शुरू की गई दिल्ली लाडली योजना का उद्देश्य बालिका के जन्म और शिक्षा को प्रोत्साहित करना और शिक्षा के महत्वपूर्ण पड़ावों पर संरचित वित्तीय सहायता के माध्यम से लैंगिक असमानताओं को दूर करना था। मुफ्त एलपीजी सिलेंडर का भी शुभारंभ करेंगी राष्ट्रपति इस विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति होली और दिवाली के त्योहारों पर दिल्ली के सभी राशन कार्ड धारक परिवारों को प्रति वर्ष दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर प्रदान करने की योजना का औपचारिक रूप से शुभारंभ करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार इस योजना का लाभ प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से दिया जाएगा। यह राशि एक एलपीजी सिलेंडर की मौजूदा कीमत के बराबर होगी और परिवार के मुखिया के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में जमा की जाएगी, जिनके नाम पर राशन कार्ड जारी किया गया है। लगभग 15.50 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को कवर करने वाली यह योजना उन्हें सीधे लाभ पहुंचाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।