‘मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम’ से 90 हजार बच्चों को मिलेगा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम' का शुभारंभ किया, जिसका लक्ष्य हर दिन एक लाख जरूरतमंदों को सम्मानजनक भोजन प्रदान करना है। अक्षय पात्र फाउंडेशन के सहयोग से लगभग 90,000 बच्चों को भोजन मिल रहा है। यह कार्यक्रम बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

-मुख्यमंत्री ने शुभारंभ के मौके पर कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य, हर दिन एक लाख जरूरतमंदों को मिले सम्मानजनक भोजननई दिल्ली प्रमुख संवाददाता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था को साधुवाद देते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि अक्षय पात्र फाउंडेशन दिल्ली सरकार के लगभग 200 विद्यालयों के साथ मिलकर करीब 90,000 बच्चों को भोजन उपलब्ध करा रहा है। राजधानी में संचालित फाउंडेशन की चार अत्याधुनिक रसोइयों के माध्यम से यह भोजन समय पर बच्चों तक पहुंचाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में मिड-डे मील योजना ने लाखों बच्चों को विद्यालय से जोड़ा और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए ‘मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम’ बच्चों को दिन की शुरुआत से ही ऊर्जा और पोषण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे पढ़ाई, खेल और अन्य गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ और पोषित बच्चें ही विकसित भारत की आधारशिला हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, गर्भवती माताओं के पोषण, मिलेट्स के प्रोत्साहन और सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध टीकाकरण जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी पहले स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने भी ‘कोई भूखा न सोए’ के संकल्प के साथ अटल कैंटीन के माध्यम से श्रमिकों, जरूरतमंदों, मरीजों के परिजनों और असहाय लोगों को मात्र 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। सरकार का लक्ष्य प्रतिदिन एक लाख लोगों को भोजन उपलब्ध कराना है। इस दिशा में 100 अटल कैंटीन स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 71 कैंटीन प्रारंभ की जा चुकी हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



