Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsDelhi Government Implements Third-Party Audit for Fire Licenses in Hotels and Restaurants
संपादित----होटल-रेस्तरां के लाइसेंस सिंगल विंडो पर मिलेंगे: सीएम

संपादित----होटल-रेस्तरां के लाइसेंस सिंगल विंडो पर मिलेंगे: सीएम

संक्षेप:

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली के होटलों और रेस्तरां को फायर लाइसेंस जारी करने

Dec 10, 2025 08:21 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली के होटलों और रेस्तरां को फायर लाइसेंस जारी करने के लिए सरकार जल्द ही थर्ड पार्टी ऑडिट की व्यवस्था लागू करेगी। बुधवार को फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) और होटल एंड रेस्टोरेंट की उत्तर भारत की एसोसिएशन की ओर से आयोजित विकसित दिल्ली, विकसित पर्यटन सम्मेलन शिखर सम्मेलन में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पहुंची। उन्होंने बताया कि दिल्ली के होटलों, रेस्तरां समेत सभी लाइसेंस के लिए सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया जाएगा। थर्ड-पार्टी ऑडिट के बारे में सीएम ने कहा कि यह ऑडिट होटल और रेस्तरां मालिकों के लिए व्यापार करने में आसानी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उन्होंने कहा कि लाइसेंस जारी करने का यह काम सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से होगा। उन्होंने बताया कि फायर लाइसेंस के लिए थर्ड-पार्टी ऑडिट का निर्णय दिल्ली-एनसीआर की फायर समीक्षा बैठक में लिया गया। सीएम ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने लाइसेंस जारी करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लंबित रखा था, लेकिन वर्तमान सरकार ऐसे लंबित मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को इवेंट्स और कांफ्रेस का हब बनाने के लिए और भी कई सुधारवादी कदम उठाए जाएंगे, ताकि शहर इतना बेहतर हो जाए कि भारत घूमने आने वाला हर टूरिस्ट दिल्ली आना न भूले। प्रदूषण से निबटने में सहयोग करें मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए होटल और रेस्टोरेंट मालिकों को अपनी संपत्तियों के ऊपर मिस्ट फॉगिंग लगाने की सलाह दी गई है। यह कदम प्रदूषण को कम करने में मदद करेगा, जहां होटल और रेस्टोरेंट स्थित हैं। वहीं, एफएचआरआई के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि एंटी-स्मॉग गन की जगह किफायती कीमत पर प्रदूषण कम करने के टिकाऊ विकल्प के रूप में ड्राई-फॉग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाए। यह पानी की 90 फीसदी कम खपत के बावजूद हवा को साफ करता है। इसका हल्का डिजाइन और आसानी से स्थापित होने की वजह से यह एक आसान समाधान है। ---- सरकार ने फायर सेफ्टी एवं लाइसेंस प्रक्रिया को किया सख्त गोवा में हुई अग्निकांड की घटना के बाद दिल्ली सरकार ने अग्निशमन और अन्य लाइसेंस की प्रक्रिया और सख्त कर दी है। दिल्ली के गृहमंत्री आशीष सूद ने बताया कि दिल्ली सरकार शहर के सभी रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल, भोजनालयों और शादी समारोह स्थलों में मजबूत फायर सेफ्टी मानकों को सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने बताया कि गोवा हादसे को ध्यान में रखते हुए ऐसे सभी प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी उपकरणों की विस्तृत जांच और उन्हें पूर्ण रूप से कार्यशील रखने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। व्यापक बदलाव ला रही सरकार इस मामले को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की गई, इसमें रेस्तरां, होटल, क्लब, पब और बार सहित अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के मौजूदा लाइसेंसिंग और नियामक ढांचे की समीक्षा की गई। दिल्ली सरकार फायर सेफ्टी मानकों में व्यापक बदलाव ला रही है। ऐसे नए विशेष उपकरण खरीदे जा रहे हैं, जो संकरी गलियों में भी काम कर सके और ऊंची इमारतों की ऊपरी मंजिलों तक आसानी से पहुंच सकें। सभी रेस्तरां-होटल, क्लब का होगा निरीक्षण गोवा में हुए अग्निकांड और क्रिसमस व नववर्ष को देखते हुए दिल्ली अग्निशमन विभाग राजधनी के सभी होटल, रेस्तरां, क्लब और पब आदि का निरीक्षण करेगा। अग्निशमन सेवा के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे सभी सार्वजनिक सभा स्थलों का तत्काल निरीक्षण करें। निरीक्षण की रिपोर्ट वे प्रधान निदेशक को भेजेंगे, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।