
एएवाई कार्डधारकों को 15 माह मिलेगी ब्रांडेड पैकेट में चीनी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गरीबों के लिए नया वर्ष उपहार देने की घोषणा की है। दिल्ली सरकार अंत्योदय अन्न योजना के अंतर्गत सभी कार्डधारकों को जनवरी 2026 से मार्च 2027 तक प्रति माह एक किलो पैक्ड चीनी मुफ्त प्रदान करेगी। यह योजना खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए है।
-मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का गरीबों को नए वर्ष का उपहार, 15 महीने मुफ्त मिलेगी पैक्ड चीनीनई दिल्ली प्रमुख संवाददाता नव वर्ष के अवसर पर दिल्ली की गरीब और वंचित आबादी को दिल्ली सरकार उपहार देने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की बैठक में निर्णय लिया गया है कि अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के अंतर्गत सभी कार्डधारकों को जनवरी 2026 से मार्च 2027 तक (कुल 15 महीनों के लिए) मुफ्त चीनी वितरण किया जाएगा। दिल्ली के सभी एएवाई लाभार्थियों को प्रत्येक महीने एक किलो चीनी सही और मानक ब्रांडिंग वाले पैकेट में निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यह योजना दिल्ली सरकार की गरीब-हितैषी नीतियों की दिशा में एक और ठोस कदम है, जिससे सबसे कमजोर वर्ग को खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ गुणवत्तायुक्त सामग्री भी सुनिश्चित होगी। कैबिनेट की जानकारी के अनुसार वर्तमान में उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से खुली चीनी वितरित की जाती है, जिससे धूल-मिट्टी, नमी, कीटाणुओं और कम तौल जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। एक किलो के ब्रांडेड पैकेट में चीनी उपलब्ध कराने से न केवल मात्रा की सटीकता सुनिश्चित होगी, बल्कि स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और उपयोग में भी सुविधा मिलेगी। कैबिनेट के निर्णय के अनुसार दिल्ली में कुल 65,883 एएवाई परिवार इस योजना के दायरे में आएंगे, जिन्हें प्रति कार्ड प्रति माह एक किलो चीनी दी जाएगी। जब तक ब्रांडेड पैकेट के लिए नया टेंडर स्वीकृत नहीं हो जाता, तब तक मौजूदा व्यवस्था के तहत चीनी का वितरण जारी रहेगा, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




