
बाबा लखी शाह बंजारा की जयंती पर होगा भव्य आयोजन : मंत्री
दिल्ली सचिवालय में शुक्रवार को हुई बैठक में समाज कल्याण एवं एससी/एसटी/ओबीसी कल्याण मंत्री रविंद्र इन्द्राज सिंह ने विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुद
नई दिल्ली, प्रसं। दिल्ली सरकार के समाज कल्याण एवं एससी/एसटी/ओबीसी कल्याण मंत्री रविंद्र इन्द्राज सिंह ने शुक्रवार को सचिवालय में विमुक्त (डीएनटी), घुमंतू (एनटी) और अर्ध-घुमंतू (एसएनटी) समुदायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने मंत्री से इन समुदायों के अधिकारों और कल्याण के कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इनमें समयबद्ध तरीके से प्रमाणपत्र जारी करने, विकास बोर्ड का गठन करने, आवास एवं अस्थायी आश्रय की सुरक्षा देने, पारंपरिक व्यवसायों को बढ़ावा देने के लिए हाट बाजार, छात्रवृत्ति, छात्रावास और कोचिंग सुविधाओं के विस्तार की मांग की। मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार वीरांगना झलकारी बाई की जयंती पर हुए राज्य स्तरीय आयोजन की तरह बाबा लखी शाह बंजारा की जयंती पर भव्य आयोजन करने पर विचार कर रही है।

बाबा लखी शाह व्यापारी होने के साथ महान समाजसेवक थे। उन्होंने लाखों लोगों को रोजगार दिया। उन्होंने दिल्ली में रायसीना, नरेला, बारहखंभा और मालचा जैसे गांव बसाए। गुरु तेग बहादुर साहिब के ससम्मान अंतिम संस्कार के लिए अपनी जान जोखिम में डालने के लिए भी बाबा लखी शाह बंजारा को याद किया जाता है। मंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार इन समुदायों के सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय की दिशा में लगातार प्रयास करेगी। इस वार्ता में डीएनटी डेवलपमेंट फाउंडेशन के सचिव धर्मबीर सिंह गुर्जर, कविता राठौर, अंजू तंवर और अखिल भारतीय लखेरा समाज सेवा संगठन के संयोजक सुरेंद्र सिंह राठौर सहित अन्य लोग शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


