दिल्ली के संगम विहार में 4 अक्टूबर की शाम आपसी रंजिश में एक ऑटो चालक को चार लोगों ने बीच सड़क पर पहले जमकर पीटा। उसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर युवक को बुरी तरह से घायल कर दिया। परिजनों ने स्थानीय लोगों की सहायता से उसे सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक आशीष की बहन ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद संगम विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी के आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार के अनुसार मृतक आशीष अपने परिजनों के साथ संगम विहार इलाके में रहता था और ऑटो चलाता था। परिवार में मुंहबोले जीजा सोनू, बहन और बच्चे शामिल हैं।
पहले से चल रहा था झगड़ा
सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि आशीष का घर के पास ही रहने वाले बॉबी से झगड़ा चल रह था। 4 अक्टूबर को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। लेकिन सोनू ने बीच बचाव किया और झगड़ा खत्म करवा दिया। लेकिन कुछ देर बाद बॉबी अपने दोस्त सोनू शूटर, मोहित और गौरव को लेकर आया और उसने आशीष से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने आशीष को पीट-पीटकर बेसूध कर दिया और उसके कूल्हे के पास तेज धार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। वह अपने सहयोगियों के साथ घायल आशीष को लेकर सफदरजंग अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुकदमा दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित परिजन ने बताया कि वह ऑटो चलाते थे। गुरुवार शाम पांच बजे उनके पास के ही रहने वाले बॉबी से झगड़ा हो गया था। इसके बाद बॉबी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। झगड़े के दौरान आरोपितों ने चाकू से आशीष के दाएं पैर और कूल्हे के नीचे चाकू से हमला कर दिया जिससे उसका काफी खून बह गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश की जा रही है।