
सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ शिकायत
दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने शिक्षकों से कुत्तों की गिनती कराने के भ्रामक दावों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। शिक्षा निदेशक ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। 20 नवंबर को जारी सर्कुलर का उद्देश्य छात्रों की सुरक्षा है, जिसमें स्कूल परिसरों में कुत्तों के प्रवेश को रोकने के निर्देश हैं।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने शिक्षकों से कुत्तों की गिनती कराए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक जानकारी के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिक्षा निदेशक ने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से ऐसा कोई आदेश, सर्कुलर या निर्देश जारी नहीं किया गया है। वायरल दावे पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। शिक्षा निदेशक ने बताया कि 20 नवंबर को जारी सर्कुलर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में था, जिसका उद्देश्य स्कूल परिसरों में कुत्तों के प्रवेश को रोककर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके तहत गार्ड की तैनाती सहित अन्य सुरक्षा उपायों के निर्देश दिए गए हैं।
सर्कुलर में कहीं भी शिक्षकों से कुत्तों की गिनती कराने की बात नहीं कही गई है। शिक्षा निदेशालय ने कहा कि शिक्षकों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। इस भ्रामक दावे को लेकर 30 दिसंबर को सरकार की ओर से स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है, बावजूद इसके कुछ लोग जानबूझकर सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। आरोप है कि कुछ यूजर्स शिक्षक बनकर कुत्ते गिनने के वीडियो और रील भी पोस्ट कर रहे हैं। निदेशालय ने ऐसे सोशल मीडिया हैंडल्स की जानकारी पुलिस को सौंपते हुए एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




