सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ शिकायत
दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने शिक्षकों द्वारा कुत्तों की गिनती को लेकर फैलाई गई भ्रामक जानकारी के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि उनका ऐसा कोई आदेश नहीं है। सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

-शिक्षा निदेशालय ने सिविल लाइंस थानाध्यक्ष को दी लिखित शिकायतनई दिल्ली प्रमुख संवाददातादिल्ली सरकार के सिक्षा निदेशालय ने शिक्षकों द्वारा कुत्तों की गिनती को लेकर फैलाई गई भ्रामक जानकारी को लेकर सिविल लाइंस पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिक्षा निदेशक ने गुरुवार को कहा कि उनके विभाग द्वारा इस प्रकार का कोई आदेश, सर्कुलर या निर्देश नहीं दिया गया है। सोशल मीडिया पर इस संबंध में फैलाई जा रही जानकारी पूरी तरह से गलत है। शिक्षा विभाग के निदेशक ने कहा कि बीते 20 नवंबर को निकाला गया सर्कुलर सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करता है। इसका उद्देश्य स्कूल परिसर के भीतर कुत्तों का प्रवेश रोककर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इसके लिए गार्ड तैनात करने सहित अन्य उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें कहीं भी यह नहीं कहा गया है कि शिक्षक कुत्तों की गिनती करेंगे। शिक्षकों का वह पूरा सम्मान करते हैं। बीते 30 दिसंबर को इस भ्रामक जानकारी को लेकर सरकार की तरफ से जानकारी दी गई थी। लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर यह भ्रामक जानकारी फैलाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। इतना ही नहीं कुछ लोगों द्वारा शिक्षक बनकर कुत्ते गिनने की वीडियो एवं रील भी डाली जा रही है। इसके चलते उन्होंने सिविल लाइंस पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। ऐसे सोशल मीडिया हैंडल की जानकारी भी उन्होंने पुलिस को दी है और एफआईआर दर्ज कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




