प्रत्येक माह बिना टिकट पकड़े गए 48 हजार यात्री
दिल्ली डिवीजन में बिना टिकट यात्रा के खिलाफ अभियान में अप्रैल से दिसंबर 2025 तक 4.35 लाख लोग पकड़े गए हैं, जिससे रेलवे को 31.88 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह राशि 2024 की तुलना में लगभग 18 फीसदी अधिक है। यात्रियों से वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील की गई है।

नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता दिल्ली डिवीजन में बिना टिकट रेल सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में औसतन 48 हजार लोग प्रत्येक माह पकड़े गए हैं। अप्रैल से दिसंबर 2025 तक कुल 4.35 लाख लोगों को इस अभियान में पकड़ा गया है जिनसे लगभग 31.88 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। वर्ष 2024 के मुकाबले यह राशि लगभग 18 फीसदी ज्यादा है। दिल्ली के डीआरएम पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वह वैध टिकट के साथ यात्रा करें और जांच अधिकारियों के साथ सहयोग करें। उत्तर रेलवे के मुख्य प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि रेलवे के दिल्ली मंडल ने बिना टिकट यात्रा और ट्रेनों में बिना टिकट प्रवेश रोकने के लिए नियमित जांच अभियान चलाए हैं।
इस दौरान दिल्ली मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और टिकट चेकिंग स्टाफ ने औसतन 48 हजार यात्रियों को प्रत्येक माह पकड़ा है। उन्होंने बताया कि बिना टिकट यात्री न सिर्फ रेलवे के राजस्व का नुकसान करते हैं, बल्कि वैध टिकट वाले यात्रियों के अधिकारों का भी उल्लंघन करते हैं। मुख्य प्रवक्ता ने बताया कि मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 (अप्रैल से दिसंबर 2025) के दौरान कुल 4.35 लाख (बिना टिकट यात्री, अनियमित टिकट और बिना बुक किया सामान) मामले सामने आए, जिससे रेलवे को 31.88 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। वित्त वर्ष 2024-25 की इस अवधि (3.66 लाख मामलों से 27.08 करोड़ रुपये का रेलवे रेवेन्यू) की तुलना में यह 17.74 फीसदी ज्यादा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




