
प्रदूषण पर निर्धारित फंड का 55 फीसदी खर्च नहीं कर पाई सरकार : कांग्रेस
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पर्यावरण कंपंसेशन चार्ज (ईसीसी) का 55 फीसदी हिस्सा खर्च नहीं किया है। यादव ने भाजपा की नीयत पर सवाल उठाते हुए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
नई दिल्ली, प्र.सं.। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने रविवार को जारी बयान में प्रदूषण को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण से लड़ने के लिए निर्धारित पर्यावरण कंपंसेशन चार्ज (ईसीसी) फंड की 55 फीसदी राशि सरकार द्वारा खर्च नहीं की गई। इससे पता चलता है कि भाजपा सरकार दमघोंटू प्रदूषण की रोकथाम के लिए कितनी चिंतित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर केवल बहानेबाजी और लापरवाही कर रही है। दिल्ली आने वाले वाहनों से सीमा पर कुल 1753 करोड़ रुपये का ईसीसी फंड जमा कराया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर यह व्यावसायिक वाहनों से वसूला जाता है।
लेकिन, भाजपा सरकार द्वारा इस राशि को प्रदूषण नियंत्रण के लिए उपयोग में नहीं लाया जा रहा है। यादव ने कहा कि जब सरकार उपलब्ध फंड को भी खर्च नहीं करती है तो प्रदूषण को लेकर उसकी नीयत साफ दिखाई देती है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता लंबे समय बाद अब जाकर सुधरी है। लेकिन, इसमें दिल्ली सरकार का कोई प्रयास नहीं है। क्योंकि, दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश के बाद हवा कुछ हद तक साफ हुई है। यादव ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए बहानेबाजी की बजाय ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




