
संशोधित-स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी दें युवा:रेखा गुप्ता
किरोड़ीमल कॉलेज में मुख्यमंत्री ने किया स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण नई दिल्ली।
किरोड़ीमल कॉलेज में मुख्यमंत्री ने किया स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को किरोड़ीमल कॉलेज परिसर में ‘स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम’ का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज कैंटीन लॉन में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया तथा पूरे परिसर का नामकरण ‘स्वामी विवेकानंद कॉम्प्लेक्स’ के रूप में किया। मुख्यमंत्री ने इस पहल को युवाओं में राष्ट्रवादी चेतना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन और दर्शन आज भी युवाओं के लिए पथप्रदर्शक है।
उन्होंने कहा कि उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन जीने का मंत्र है। युवाओं को उनके विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत अमृतकाल के दौर से गुजर रहा है और 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवा शक्ति की भूमिका सबसे अहम है। देश की प्रगति सरकार के प्रयासों के साथ-साथ नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी से ही संभव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार युवाओं की रचनात्मकता, नवाचार और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में योगदान दें। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने किरोड़ीमल कॉलेज के निकट स्थित पावन हनुमान मंदिर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की सनातन संस्कृति, अटूट श्रद्धा और सांस्कृतिक पुनरुत्थान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने देशवासियों के सुख, समृद्धि और सांस्कृतिक उत्थान की कामना की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




