Delhi News: द्वारका में 2,000 छात्रों यों की क्षमता वाले आधुनिक सरकारी विद्यालय का उद्घाटन
Delhi News: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने द्वारका में दो हजार विद्यार्थियों की क्षमता वाले सरकारी स्कूल और नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पूर्वी परिसर में छात्राओं के छात्रावास का उद्घाटन किया। तीन आईटीआई में हाई-टेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू किए गए। ओखला में एकीकृत महाविद्यालय एवं पॉलिटेक्निक का शिलान्यास हुआ। परियोजनाओं का उद्देश्य आधुनिक शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।

Delhi News: -मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सेवा संकल्प अभियान के तहत शैक्षणिक एवं तकनीकी शिक्षा की कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यासनई दिल्ली प्रमुख संवाददाता द्वारका में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी शिक्षा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। मुख्यमंत्री ने द्वारका सेक्टर-16बी में नवनिर्मित सरकारी विद्यालय का उद्घाटन किया, जिसमें दो हजार छात्र पढ़ सकेंगे। नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के ईस्ट कैंपस में छात्राओं के लिए छात्रावास और तीन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में हाई-टेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन भी उन्होंने किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे।
शिक्षा और तकनीकी परियोजनाओं का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का आधार है। दिल्ली सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक वातावरण, उन्नत तकनीक, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर एक साथ उपलब्ध हों। द्वारका सेक्टर-16बी में नवनिर्मित सरकारी स्कूल में विज्ञान, कॉमर्स और आर्ट्स संकाय उपलब्ध हैं। परिसर में 75 कमरे, स्मार्ट कक्षाएं, विशेष प्रयोगशालाएं, आधुनिक पुस्तकालय, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला, कर्मचारी कक्ष तथा संगीत, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सुविधाएं विकसित की गई हैं।
छात्राओं के लिए छात्रावास सुविधा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिला शिक्षा और तकनीकी संस्थानों में छात्राओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पूर्वी परिसर में नवनिर्मित छात्रावास का उद्घाटन किया। 120 छात्राओं की क्षमता वाला यह छात्रावास उन्हें परिसर में आवास सुविधा उपलब्ध कराएगा। इससे विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करना आसान होगा और उन्हें अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलेगा।
युवाओं के लिए हाई-टेक कौशल प्रशिक्षण
हाई-टेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने युवाओं को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से आईटीआई जहांगीरपुरी, धीरपुर (सर सी.वी. रमन आईटीआई) और नरेला में हाई-टेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया। इन केंद्रों में औद्योगिक स्वचालन, इंडस्ट्रियल इंटरनेट ऑफ थिंग्स, डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, सीएनसी मशीनिंग, रोबोटिक्स, 3डी स्कैनिंग, स्मार्ट एनर्जी, सौर तकनीक और ऊर्जा दक्षता जैसी उन्नत तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। जहांगीरपुरी केंद्र से प्रतिवर्ष लगभग 1,000 और धीरपुर केंद्र से 1,200 प्रशिक्षुओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
ओखला में एकीकृत कॉलेज और पॉलिटेक्निक
ओखला में इंटीग्रेटेड कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने ओखला में जी. बी. पंत एकीकृत महाविद्यालय एवं पॉलिटेक्निक परियोजना का शिलान्यास किया। इसके तहत इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक, कौशल विकास और अनुसंधान सुविधाओं को एकीकृत परिसर में विकसित किया जाएगा, जिसमें आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट कक्षाएं, पुस्तकालय और छात्रावास जैसी सुविधाएं होंगी। परियोजना पूरी होने के बाद संस्थान की विद्यार्थी क्षमता वर्तमान लगभग 2,880 से बढ़ाकर 7,000 करने का लक्ष्य है। इससे अधिक युवाओं को दिल्ली में ही तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे।
डिजिटल शिक्षा और रोजगार पर जोर
डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जोड़ना प्राथमिकता
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि सरकार का जोर प्रचार के बजाय राजधानी के हर क्षेत्र में समान शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है। द्वारका में आधुनिक विद्यालय की स्थापना इसका प्रमाण है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप तकनीक आधारित और विद्यार्थियों की व्यक्तिगत जरूरतों के अनुसार सीखने की व्यवस्था विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। दिल्ली सरकार नरेला, हरि नगर और शाहदरा सहित विभिन्न स्थानों पर आईटीआई संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित कर रही है ताकि युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण मिल सके।

