मुख्यमंत्री ने अग्निकांड में साहसी बचावकर्मियों और नागरिकों को किया सम्मानित
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अग्निकांड और इमारत के ढहने की घटनाओं में मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये की सहायता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने साहसी नागरिकों को सम्मानित करते हुए राहत कार्यों की सराहना की और अधिकारियों को शीघ्र सहायता वितरण के निर्देश दिए।

-सीएम ने की दोनों घटनाओं में मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायल व्यक्तियों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता
घटनाएँ और श्रद्धांजलि
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मालवीय नगर (हौजरानी) में हुए भीषण अग्निकांड और साकेत (सैदुलाजाब) में हुई दर्दनाक इमारत ढहने की दुर्घटना में जान गंवाने वाले नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की रक्षा करने वाले साहसी नागरिकों, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बचावकर्मियों को 21,000 रुपये के चेक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मालवीय नगर के हौजरानी अग्निकांड के दौरान साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए गद्दे बिछाकर कई लोगों की जान बचाने वाले रियाजुद्दीन मंसूरी को विशेष रूप से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उनके मानवीय प्रयासों की सराहना करते हुए उनके द्वारा उपयोग किए गए गद्दों के मूल्य की प्रतिपूर्ति के साथ-साथ प्रोत्साहन स्वरूप 21,000 रुपये का चेक भी प्रदान किया। इस दौरान दोनों दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए नागरिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।
आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही, घोषणा की कि दोनों घटनाओं में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दिल्ली सरकार की ओर से 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त घायल व्यक्तियों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं सहायता राशि का वितरण शीघ्र, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए ताकि प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता मिल सके।
मददगारों की सराहना
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे स्थानीय लोगों और अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि अगर संकट की उस घड़ी में त्वरित कार्रवाई न होती तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था।
सम्मानित होने वाले ‘मानवता के नायकों’ की सूची
इस अवसर पर साकेत भवन दुर्घटना के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दक्षिण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के जिला परियोजना अधिकारी चंदर प्रकाश, दिल्ली पुलिस के निरीक्षक रितेश कुमार शर्मा, कांस्टेबल मनीष कुमार जांगिड़, कांस्टेबल विवेक शाक्य, कांस्टेबल अंगद मीणा, स्थानीय निवासी कपिल गिरी, हरजीत कुमार और डॉ. रफीक खान को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री द्वारा मालवीय नगर अग्निकांड के दौरान साहसपूर्वक बचाव कार्यों में योगदान देने वाले इसरार खान, कमल कुमार,शशि कुमार, पवन कुमार, राकेश कुमार, संजय गोयल, शिव कुमार, गोविंद, कुनाल, मोहम्मद उवैश, मोहम्मद अफजल, मोहम्मद अनीस, आमिर खान, वसीम राजा, मोहम्मद सोहैब खान, रियाजुद्दीन, निरीक्षक विनय यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश, हेड कांस्टेबल करतार, हेड कांस्टेबल राजवीर, हेड कांस्टेबल देशराज, वसीम खान गौरी और राजपाल को भी सम्मानित किया गया।
प्रश्न और उत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


