
यूनेस्को ने दीपावली को विरासत की सूची में किया शामिल,मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली हाट में दीपावली के अवसर पर भारतवासियों को शुभकामनाएं दी। इस भव्य समारोह में पारंपरिक लोक नृत्यों और दीप प्रज्वलन के साथ उत्सव मनाया गया। दीपावली को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किया गया है, जो 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व का विषय है।
-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लोक नृत्यों के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी भारत वासियों को शुभकामनाएं -दिल्ली सरकार ने दिल्ली हाट में पारंपरिक लोक नृत्यों, पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ मनाया भव्य उत्सव नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दीपावली को मिला यह वैश्विक सम्मान दर्शाता है कि दुनिया भर में लोग इस त्यौहार के मूल तत्वों प्रेम, सद्भाव, आशा और उत्तम मानवीय मूल्यों में गहरी आस्था रखते हैं। ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं, बल्कि विश्व मंच पर भारत की समृद्ध विरासत को भी उजागर करते हैं। उक्त बातें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार द्वारा दिल्ली हाट,आईएनए में एक भव्य समारोह के आयोजन के अवसर पर कही।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर तथा प्रभु श्री राम की पूजा-अर्चना करते हुए पूरे देश को शुभकामनाएं दी। यह आयोजन मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के अयोध्या आगमन के महापर्व दीपावली को यूनेस्को की प्रतिष्ठित अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस विशेष कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे विश्व से 180 देशों के प्रतिनिधि भारत में हैं और दिल्ली के लाल किले पर यूनेस्को की महत्वपूर्ण बैठक चल रही है। यह हम सबके लिए बहुत सम्मान की बात है। हम सबके महापर्व दीपावली को यूनेस्को द्वारा अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किया जाना 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान दर्शाता है कि विश्व दीपावली के प्रेम, मानवता और सकारात्मक मूल्यों पर गहरी आस्था रखता है। उन्होंने कहा कि महापर्व दीपावली केवल त्यौहार नहीं, बल्कि जीवन का आदर्श है, जो हमें सदैव सही मार्ग, उम्मीद और अच्छाई की ओर ले जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत अपनी संस्कृति और विरासत के माध्यम से विश्व पटल पर पुनः चमक रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां भारत तेज़ी से विकास की ओर अग्रसर है, वहीं अपनी सांस्कृतिक जड़ों को भी पूरी मजबूती से संजोए हुए है। इसी कारण आज योग को अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला और अब दीपावली को वैश्विक मान्यता मिलना प्रत्येक भारतीय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार इस उत्सव को भव्यता और उत्साह के साथ मना रही है। उन्होंने बताया कि आज पूरे शहर में दीयों की रौशनी ने न केवल लाल किला, बल्कि दिल्ली के अनेक सार्वजनिक स्थलों को भी आलोकित किया, जिससे पूरी राजधानी दीपावली की गरिमा और सांस्कृतिक वैभव का सुंदर प्रतीक बन गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


