खेल : दिल्ली-कोलकाता में होगी कांटे की जंग
शोल्डर : प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए दोनों ही टीमों को अब अपना हरेक

नई दिल्ली, हिन्दुस्तान ब्यूरो। दिल्ली कैपिटल्स अपने घर अरुण जेटली स्टेडियम में हार का सिलसिला नहीं तोड़ पा रही है। टीम यहां लगातार चार मैच हार चुकी है। अगर उसे अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखनी हैं तो शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को हर हार में हराना होगा। तीन बार के चैंपियन कोलकाता के लिए भी स्थिति ऐसी ही है। ऐसे में यह मुकाबला कांटे का होगा। इस मुकाबले को हराने वाली टीम के लिए आगे की डगर कठिन हो जाएगी। दिल्ली के लिए घरेलू मैदान में पिच पहेली बनी हुई है। सबसे बड़ा स्कोर बनाकर भी टीम पंजाब से हार गई। चेन्नई के खिलाफ तो पिछले मुकाबले में चार नंबर पिच पर उसके बल्लेबाजों ने बुरी तरह से घुटने टेक दिए। समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स ने उसे किसी तरह 150 की पार पहुंचाया। उसी पिच पर संजू सैमसन ने नाबाद पारी खेलकर दिल्ली के गेंदबाजों का दम फुला दिया। समझा जाता है कि वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन की फिरकी का सामना करने के लिए दिल्ली बल्लेबाजों की मददगार पिच नंबर छह पर खेल सकती है। इसी पर उसने पंजाब किंग्स के खिलाफ 264 रन बनाए थे लेकिन जीत फिर भी नहीं मिली थी। इस पिच को चुनने की वजह बल्लेबाजों पर भरोसे की कमी है जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सीम लेती पिच पर छह विकेट नौ रन पर गंवा बैठे थे。
दिल्ली की चिंता
धीमी विकेट पर दिल्ली के बल्लेबाज गुजरात के राशिद या चेन्नई के नूर अहमद और अकील हुसैन को नहीं खेल पाए थे। नरेन (इकॉनॉमी रेट 6.80) और चक्रवर्ती (इकॉनॉमी रेट 8.88) के सामने निसंका, रिजवी या करुण नायर को मुश्किलें पेश आ सकती हैं। दिल्ली के लिए कुलदीप का खराब फॉर्म भी चिंता का सबब है। वह दस मैचों में दस से ऊपर की इकोनॉमी रेट से सात ही विकेट चटका पाए हैं। ऐसे में बल्लेबाजों की मददगार विकेट पर खेलने के अलावा कोई चारा नहीं रह जाता। इससे खराब फॉर्म से जूझ रहे मेजबान बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाने का मौका मिलेगा। राहुल ने टुकड़ों में बेहतर कर रहे हैं। रिजवी ने पिछले मैच में छोटी पर आक्रामक पारी खेलकर टीम को संभाला था।
राहुल का प्रदर्शन
राहुल ने आईपीएल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 180 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 445 रन बनाए हैं। हालांकि दूसरी ओर अभिषेक और सूर्यवंशी जैसे युवा बल्लेबाज 200 से ऊपर की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। निसंका पर टीम प्रबंधन का लगातार भरोसा समझ से परे है जो नौ मैचों में 228 रन ही बना सके हैं। नायर और नीतीश राणा फॉर्म में नहीं हैं। गेंदबाजी में मुकेश कुमार, टी नटराजन और अकीब नबी महंगे साबित हुए हैं। दिल्ली का कोई भी गेंदबाज दोहरे अंक में विकेट नहीं ले सका। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कप्तान अक्षर पटेल ने की है जिन्होंने 8.25 की इकॉनॉमी रेट से नौ विकेट चटकाए हैं। बल्ले से अक्षर कोई कमाल कर पा रहे हैं। उनके फैसलों पर भी सवाल उठ रहे हैं। टीम को इस अहम मुकाबले में अपने तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और लुंगी एनगिडी से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
कोलकाता की स्थिति
वहीं कोलकाता का शीर्षक्रम भी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका है। कप्तान रहाणे (131.42 की स्ट्राइक रेट, 205 रन) और अंगकृष रघुवंशी (137.43 की स्ट्राइक रेट, 268 रन) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में नहीं बदल सके। रिंकू (145.39 की स्ट्राइक रेट, 245 रन) पर ही बल्लेबाजी का दारोमदार रहा है। कोलकाता को उसकी सलामी जोड़ियां अभी तक अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रही हैं। आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी ग्रीन भी अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे हैं। साइफर्ट और एलेन ने भी निराश किया है। टीम ने अभी तक न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र को बेंच पर बैठाए रखा है। उन्होंने टी-20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। वह मध्यक्रम में टीम के उपयोगी साबित हो सकते हैं। फिरकी से भी वह कमाल कर सकते हैं। गेंदबाजी में चक्रवर्ती पिछले कुछ मैचों से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें ऑलराउंडर सुनील नरेन का भी अच्छा साथ मिल रहा है। हालांकि नरेन अभी तक बल्ले से कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। तेज गेंदबाजी में युवा कार्तिक त्यागी ने अपनी छाप छोड़ी है। वह 11 विकेट चटका चुके हैं। टीम को उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
--------------
प्रसारण : शाम : 7:30 से
स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर
--------------------
आमने-सामने
कुल मैच : 35
दिल्ली जीती : 15
कोलकाता जीता : 19
बेनतीजा : 1
--------------
नंबर गेम
-3 लगातार पिछले मुकाबलों में कोलकाता की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को पराजित किया है
-14 रन से हराया था कोलकाता ने पिछले साल अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए एकमात्र मुकाबले में दिल्ली को
-3 साल पहले (2023 में) दिल्ली ने कोलकाता पर अपनी आखिरी जीत इसी स्टेडियम में चार विकेट से दर्ज की थी
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


