Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsDelhi Cabinet Decision DTC to Take Over DIMTS Bus Depots
एक फरवरी से क्लस्टर डिपो में काम करेंगे डीटीसी कर्मचारी

एक फरवरी से क्लस्टर डिपो में काम करेंगे डीटीसी कर्मचारी

संक्षेप:

- एक अप्रैल को डिम्ट्स के साथ अनुबंध खत्म होगा - कैबिनेट के फैसले पर

Jan 21, 2026 07:08 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली कैबिनेट के फैसले के बाद अब दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) डिम्ट्स (दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल ट्रांजिट सिस्टम) के अधिकार वाले डिपो पर भी कामकाज संभालेगा। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। एक फरवरी के बाद से डिम्ट्स के डिपो में डीटीसी के कर्मचारियों की तैनाती शुरू हो जाएगी। ये कर्मचारी डिम्ट्स की ओर से संचालित किए जा रहे डिपो के कामकाज को समझकर एक अप्रैल तक इनका हस्तांतरण कराएंगे। दिल्ली में फिलहाल कुल 83 बस डिपो हैं। इनमें से 44 डिपो का संचालन दिल्ली परिवहन निगम और 39 का संचालन डिम्ट्स करता है। बीते दिनों दिल्ली सरकार की कैबिनेट बैठक में डिम्ट्स का अनुबंध समाप्त कर सभी डिपो को डीटीसी के हाथों में सौंपने का निर्णय लिया गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

एक अप्रैल से दिल्ली के सभी 83 डिपो डीटीसी के अधिकार क्षेत्र में आ जाएंगे और बसों के संचालन से लेकर अन्य सभी गतिविधियां डीटीसी की ओर से ही नियंत्रित की जाएंगी। ---- चरणबद्ध तरीके से होगा हस्तांतरण डीटीसी के अधिकारी ने बताया कि डिम्ट्स के अधिकार क्षेत्र वाले बस डिपो और संपत्तियों का हस्तांतरण डीटीसी को चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले चरण में डीटीसी के कर्मचारी डिम्ट्स के अधिकार वाले डिपो में उनके कर्मचारियों के साथ कामकाज करेंगे, ताकि वहां की कार्यप्रणाली को समझ सकें। इसी दौरान डिपो में मौजूद सरकारी संपत्तियों की लिस्ट भी तैयार की जाएगी। ---- डिम्ट्स के पास 2510 बसें हैं डिम्ट्स दिल्ली में करीब 48 फीसदी बसों का संचालन रहा है। क्लस्टर बसों के संचालन की अवधारणा को डिम्ट्स ने ही शुरू किया था। इसके बाद से दिल्ली की परिवहन व्यवस्था में उसकी अहम भूमिका रही है। वर्तमान में दिल्ली में कुल 5,250 बसें संचालित की जा रही हैं, इनमें से 2,740 दिल्ली परिवहन निगम के पास और 2,510 डिम्ट्स के अधीन संचालित हैं। एक अप्रैल से इन बसों के संचालन की जिम्मेदारी भी डीटीसी के पास आ जाएगी।