
दिल्ली के बीस इलाकों की हवा बेहद खराब
दिल्ली के 20 इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक सोमवार को 300 से ऊपर रहा। पिछले साल अक्तूबर से दिल्ली की हवा खराब है। सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI 297 था, जो खराब श्रेणी में आता है। पीएम 10 और पीएम 2.5 का स्तर स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। अगले दिनों में वायु गुणवत्ता बहुत खराब रहने की संभावना है।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। मौसम के तमाम कारकों की वजह से दिल्ली के लोगों को अभी प्रदूषित हवा से राहत मिलती नहीं दिख रही है। सोमवार को दिल्ली के बीस इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से ऊपर यानी बहुत खराब श्रेणी में रहा। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता अभी इसी के आसपास रहेगी। दिल्ली के लोगों को पिछले साल अक्तूबर महीने की 14 तारीख से ही खराब हवा में सांस लेना पड़ रहा है। इस दौरान एक दिन भी ऐसा नहीं रहा जब वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से नीचे आया हो। इस बीच हवा की गुणवत्ता खराब, बहुत खराब, गंभीर या फिर बेहद गंभीर श्रेणी में रही।
सीपीसीबी के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 297 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। लेकिन, यह बहुत खराब श्रेणी से सिर्फ चार अंक नीचे है। एक दिन पहले रविवार को यह सूचकांक 291 के अंक पर रहा था। यानी 24 घंटे के अंदर इसमें छह अंकों का इजाफा हुआ है। वहीं, दिल्ली के लिए चिंता की बात यह है कि सोमवार की शाम चार बजे 20 इलाकों का सूचकांक 300 से ऊपर यानी बहुत खराब श्रेणी में बना रहा। मानकों के मुताबिक हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से और पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर ही उसे स्वास्थ्यकारी माना जाता है। लेकिन, सोमवार की शाम चार बजे दिल्ली-एनसीआर की हवा में पीएम 10 का औसत स्तर 216 और पीएम पीएम 2.5 का औसत स्तर 125 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा। यानी दिल्ली-एनसीआर की हवा में औसत से दो गुना ज्यादा प्रदूषक कण मौजूद है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच हवा की रफ्तार आमतौर पर दस किलोमीटर प्रति घंटे से कम ही रहेगी। इसके चलते प्रदूषक कणों का विसर्जन धीमा रहेगा। जबकि, ठंडे मौसम की वजह से प्रदूषक के स्रोत पहले की तरह ही बने रहने की संभावना है। इसके चलते दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब से बहुत खराब श्रेणी में ही रहने का अनुमान है। प्रदूषण मीटरः 11 जनवरी---291 12 जनवरी---297 यहां की हवा सबसे खराबः पूसा---344 नेहरू नगर---339 मुंडका---336 आनंद विहार---332 रोहिणी---330

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




