
पिछले सात सालों में मंगलवार को कम रहा प्रदूषण का स्तर: सिरसा
संक्षेप: नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि मंगलवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक पिछले 7 सालों में सबसे बेहतर रहा। उन्होंने कहा कि इसमें लगातार सुधार दिख रहा है सरकार की सालभर चलने वाली प्रदूषण नियंत्रण रणनीति का असर के कारण ऐसा हो पाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता में पिछले सालों के मुकाबले लगातार सुधार हुआ है। 4 नवम्बर 2025 को दिल्ली का एक्यूआई 291 दर्ज किया गया, जबकि 2024 में यह 381, 2023 में 415 और 2022 में 447 था। यह बीते सात वर्षों में इस तारीख का सबसे बेहतर एक्यूआई मंगलवार को दर्ज किया गया।

यह दिल्ली सरकार के लगातार और ठोस प्रदूषण नियंत्रण प्रयासों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों, पड़ोसी राज्यों में पराली जलने, बढ़ते निर्माण कार्यों, नए वाहनों के पंजीकरण और ग्रीन दिवाली जैसे कारकों के बावजूद दिल्ली ने अपने प्रयासों से निरंतर प्रगति की है। मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा दिल्ली के एक्यूआई में यह सुधार दिखाता है कि सरकार की सालभर चलने वाली व्यापक प्रदूषण नियंत्रण योजना प्रभावी साबित हो रही है। दिल्ली सरकार ने सभी एजेंसियों को धूल नियंत्रण कार्यों को और तेज़ करने के निर्देश दिए हैं, जिनमें मिस्टिंग, स्प्रिंकलिंग, कूड़ा उठाना और सड़कों की मशीनी सफाई शामिल है। उन्होंने कहा कि वाहनों के प्रदूषण की जांच, खुले में कचरा जलाने पर सख़्त रोक और ज़मीनी स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है ताकि सर्दियों में प्रदूषण को नियंत्रित रखा जा सके। सिरसा ने कहा कि साल-दर-साल के आंकड़े यह साबित करते हैं कि हमारी समन्वित और निरंतर प्रदूषण नियंत्रण रणनीति असर दिखा रही है। उन्होंने कहा कि सर्दियों का समय दिल्ली के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहता है, लेकिन इस बार हमारी टीमें लगातार मैदान में सक्रिय हैं। निगरानी, प्रवर्तन और धूल नियंत्रण जब साथ मिलकर काम करते हैं, तो परिणाम खुद नज़र आने लगते हैं। पर्यावरण विभाग ने सभी एजेंसियों को धूल नियंत्रण के उपायों को और तेज़ करने के निर्देश दिए हैं। इसमें मिस्टिंग और स्प्रिंकलिंग बढ़ाना, मशीनी सफाई, कूड़ा उठाना, और निर्माण स्थलों पर सख़्त निगरानी शामिल है। 1200 से अधिक टीमें सक्रिय इस समय 1,200 से अधिक प्रवर्तन टीमें सक्रिय हैं जिनमें 443 टीमें खुले में कचरा जलाने के खिलाफ, 378 टीमें धूल नियंत्रण के लिए, और 578 टीमें वाहन प्रदूषण नियंत्रण के लिए काम कर रही हैं। ये टीमें वार्ड और औद्योगिक इलाकों में दिन-रात गश्त कर रही हैं ताकि प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि हमने 390 एंटी-स्मॉग गन, 280 वाटर स्प्रिंकलर और 76 मैकेनाइज्ड स्वीपर लगाए हैं। वाहनों के उत्सर्जन की नियमित जांच की जा रही है। सभी एजेंसियां मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि सर्दियों में भी यह सुधार जारी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार का विंटर एक्शन प्लान केवल प्रवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मकसद लंबे समय तक साफ़ इंफ्रास्ट्रक्चर और जागरूकता के ज़रिए स्थायी सुधार लाना है। हमारा लक्ष्य इस सुधार को स्थायी बनाना है ताकि हर साल दिल्ली की हवा पहले से बेहतर होती जाए। दिल्ली सरकार ने सभी नागरिक एजेंसियों, पड़ोसी राज्यों और दिल्लीवासियों से मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की है ताकि आने वाले दिनों में भी दिल्ली की हवा और साफ हो सके । सरकार द्वारा पिछले 24 घंटों में हुई नागरिक कार्रवाई -500 वर्ग मीटर से छोटे निर्माण स्थलों का निरीक्षण – 258 -सड़कों की मशीनी सफाई (किमी में) – 2300 किमी -219 अवैध डंपिंग स्थलों की जांच -वाहनों के प्रदूषण के लिए जारी चालान – 7580 -दिल्ली में प्रवेश करने वाले बाहरी ट्रकों को ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल पर डायवर्ट किया गया – 91 -मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायतों का समाधान – 341 -दिल्ली बॉर्डर पर जांची गई अंतरराज्यीय बसें – 105 पिछले सात साल में 4 नंवबर का एक्यूआई 2019--407 2020--343 2021--382 2022--447 2023-415 2024-381 2025-291

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




