Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsDelhi Air Quality Improves After 102 Days Due to Rain and Winds
राजधानी की हवा 102 दिन बाद हुई साफ

राजधानी की हवा 102 दिन बाद हुई साफ

संक्षेप:

दिल्लीवालों को 102 दिनों के बाद जहरीली हवा से राहत मिली है। हाल की बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदूषक कणों का स्तर कम हुआ है। शनिवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 192 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है। हालांकि, अभी भी प्रदूषण मानकों से डेढ़ गुना ज्यादा है।

Jan 24, 2026 08:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्लीवालों को जहरीली हवा से 102 दिन बाद शनिवार को राहत मिली। दिल्ली व आसपास हुई अच्छी बारिश और तेज हवाओं के चलते दिल्ली की हवा में घुले-मिले प्रदूषक कण काफी हद तक विसर्जित हो गए हैं। जिसके चलते दिल्ली की वायु गुणवत्ता में खासा सुधार हुआ है। राजधानी समेत पूरे उत्तर भारत में शुक्रवार को अच्छी बारिश हुई। इस दौरान हवा की रफ्तार भी 30 किलोमीटर प्रति घंटे से तेज रही। इससे प्रदूषण की स्थिति से लोगों को काफी राहत मिली है। शनिवार को दिन के समय तेज धूप निकली। प्रदूषण के साफ होने से दिल्ली का आसमान भी कुछ हद तक नीला दिखने लगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सीपीसीबी के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते साल 14 अक्तूबर को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से ऊपर यानी खराब श्रेणी में चला गया था। इसके बाद से एक दिन भी ऐसा नहीं रहा जब वायु गुणवत्ता का स्तर स्वच्छ रहा हो। इस बीच ज्यादातर दिनों में वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब, बहुत खराब, गंभीर या फिर अति गंभीर श्रेणी में रहा। इस बीच में 14 दिसंबर को दिल्ली की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित रही। इस दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक 461 अंक पर रहा था। अब मौसम की मेहरबानी से हवा साफ हुई है। कुल मिलाकर 102 दिनों बाद दिल्ली को स्वच्छ हवा नसीब हुई है। सीपीसीबी के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 192 रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले शुक्रवार को यह सूचकांक 282 था। यानी चौबीस घंटे के भीतर सूचकांक में 90 अंकों का सुधार हुआ है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों का सूचकांक 200 से नीचे है। अब भी मानकों से डेढ़ गुना ज्यादा प्रदूषण सीपीसीबी के मुताबिक, शाम पांच बजे दिल्ली-एनसीआर की हवा में पीएम 10 का औसत स्तर 164 और पीएम 2.5 का औसत स्तर 77 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा। मानकों से अभी प्रदूषक कणों का स्तर लगभग डेढ़ गुना ज्यादा है, लेकिन, पहले की तुलना में इसमें खासी कमी आई है। हालांकि, मौसम के चलते दिल्ली को मिली प्रदूषण से राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब या बेहद खराब श्रेणी में रहेगी। छह दिनों में ऐसे सुधरी हवा 19 जनवरी---410--गंभीर श्रेणी 20 जनवरी---378--बहुत खराब श्रेणी 21 जनवरी---330--बहुत खराब श्रेणी 22 जनवरी---322--बहुत खराब श्रेणी 23 जनवरी---282--खराब श्रेणी 24 जनवरी---192--मध्यम श्रेणी