राजधानी दिल्ली में हवा की रफ्तार घटने से फिर बढ़ा प्रदूषण
नई दिल्ली में कोहरे और हवा की गति में कमी के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। सीपीसीबी के अनुसार, मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 360 अंक पर पहुंच गया। पिछले साल अक्तूबर से दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब बनी हुई है। पीएम 10 और पीएम 2.5 के स्तर भी चिंता का विषय हैं।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में कोहरा, हवा की गति में कमी के कारण प्रदूषण के स्तर में फिर बढ़ोतरी हुई है। सीपीसीबी के अनुसार मंगलवार शाम 4 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 360 अंक पर दर्ज किया गया। यह बहुत खराब श्रेणी में आता है। चिंता की बात यह रही कि राजधानी में शाम 6 बजे पांच स्थानों पर प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता अभी इसी के आसपास रहेगी। दिल्ली के लोगों को पिछले साल अक्तूबर महीने की 14 तारीख से ही खराब हवा में सांस लेना पड़ रहा है।
इस दौरान एक दिन भी ऐसा नहीं रहा जब वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से नीचे आया हो। इस बीच हवा की गुणवत्ता खराब, बहुत खराब, गंभीर या फिर अति गंभीर श्रेणी में रहा। सीपीसीबी के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 297 के अंक पर रहा था। मंगलवार को इसमें 63 अंक की बढ़ोतरी हुई और यह 360 पर दर्ज किया गया। मानकों के मुताबिक हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से और पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर ही उसे स्वास्थ्यकारी माना जाता है। मंगलवार शाम सात बजे दिल्ली-एनसीआर की हवा में पीएम 10 का औसत स्तर 336 और पीएम पीएम 2.5 का औसत स्तर 201.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा। यानी दिल्ली-एनसीआर की हवा में औसत से तीन गुना ज्यादा प्रदूषक कण मौजूद है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच हवा की रफ्तार आमतौर पर दस किलोमीटर प्रति घंटे से कम ही रहेगी। इसके चलते प्रदूषक कणों का विसर्जन धीमा रहेगा। जबकि, ठंडे मौसम की वजह से प्रदूषक के स्रोत पहले की तरह ही बने रहने की संभावना है। इसके चलते दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब से बहुत खराब श्रेणी में ही रहने का अनुमान है। तीन दिनों का हाल 11 जनवरी---291 12 जनवरी---297 13 जनवरी-- 360 यहां की हवा सबसे खराब आनंद विहार---436 द्वारका--426 नेहरू नगर--416 जहांगीरपुरी--407 रोहिणी--406
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



