
दूर-दराज के क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रतिबद्ध : राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लक्षद्वीप के इंदिरा गांधी अस्पताल में भारतीय नौसेना द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविर का उद्घाटन किया, जिसमें सर्जरी और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं शामिल हैं। यह पहल 'स्वस्थ भारत' के संकल्प को आगे बढ़ाती है।
नई दिल्ली, एजेंसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि सरकार देश के हर नागरिक और विशेष रूप से दूर-दराज और द्वीपीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राजनाथ सिंह ने लक्षद्वीप के कवारत्ती स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल में भारतीय नौसेना द्वारा आयोजित संयुक्त सेवाओं के बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। यह शिविर पहली बार केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप में 12 से 16 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है। रक्षा मंत्री ने इस पहल को राष्ट्र निर्माण और मानवीय सेवा के क्षेत्र में भारतीय नौसेना की अहम भूमिका का उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि इस शिविर के जरिए सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की त्रि-सेवा टीम उन्नत जांच सुविधाएं और विशेषज्ञ इलाज सीधे लोगों तक पहुंचा रही है। इसमें सर्जरी और मोतियाबिंद ऑपरेशन जैसी सेवाएं भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि व्यापक स्वास्थ्य जांच, समय पर बीमारी की पहचान, उचित चिकित्सा सलाह, इलाज और मुफ्त दवाओं के वितरण से द्वीपवासियों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा। राजनाथ सिंह ने ‘स्वस्थ भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है, बल्कि आयुष्मान भारत और जन औषधि केंद्र जैसी योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के कल्याण पर भी ध्यान दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




