
डीएफसीसीआईएल ने 1.39 लाख मालगाड़ियों का रिकॉर्ड संचालन किया
संक्षेप: - 2024-25 में मालगाड़ी संचालन में 48 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की -भारत मंडपम
नई दिल्ली, एजेंसी। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) का 20वां स्थापना दिवस शुक्रवार को भारत मंडपम में मनाया गया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024-25 में मालगाड़ी संचालन में 48 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। डीएफसीसीआईएल लगभग 2,750 किलोमीटर लंबे पूर्वी और पश्चिमी कॉरिडोर का प्रबंधन करता है। डीएफसीसीआईएल ने कुल 1,39,302 ट्रेन का सफलतापूर्वक संचालन कर रिकॉर्ड बनाया है। रेलवे बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अध्यक्ष सतीश कुमार ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में यह जानकारी साझा की। साथ ही डीएफसीसीआईएल ने देश की सबसे लंबी मालगाड़ी रुद्रास्त्र का सफलतापूर्वक संचालन किया, जिसकी लंबाई 4.5 किलोमीटर थी और इसमें 354 डिब्बे और सात लोकोमोटिव शामिल थे।

डीएफसीसीआईएल ने बताया कि उसने एक टन माल को लगभग 11.5 मिलियन किलोमीटर की दूरी तक पहुंचाया। कॉर्पोरेशन ने प्रति दिन 381 से अधिक मालगाड़ियों का परिचालन.... कॉर्पोरेशन ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में, उसने औसतन प्रति दिन 381 से अधिक मालगाड़ियों का परिचालन किया, जो उसकी परिचालन क्षमता को दर्शाता है। डीएफसीसीआईएल के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि भारत की कुल रसद लागत लगभग 24 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है, और डीएफसीसीआईएल के परिवर्तनकारी प्रभाव ने रसद लागत को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 14 प्रतिशत से घटाकर लगभग 8-9 प्रतिशत तक लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सकल टन किलोमीटर 20,02,271 मिलियन तक पहुंचा.......... एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सकल टन किलोमीटर 20,02,271 मिलियन (2,00,227.1 करोड़) तक पहुंच गया, जबकि शुद्ध टन किलोमीटर 11,49,79 मिलियन रहा है, जो नेटवर्क उत्पादकता में निरंतर सुधार का संकेत देता है। सकल टन किलोमीटर माल परिवहन गतिविधि का एक माप है, जो ट्रेन और माल के कुल वज़न को उसके द्वारा तय की गई दूरी से गुणा करने पर प्राप्त होता है। वहीं, शुद्ध टन किलोमीटर माल के वजन को तय की गई दूरी से गुणा करने पर प्राप्त होता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




