डीडीए ने सैनिक फार्म में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

डीडीए ने सैनिक फार्म में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

संक्षेप:

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने शुक्रवार को सैनिक फार्म में अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कई संरचनाओं पर बुलडोजर चलाए गए और स्थानीय निवासियों ने बिना पूर्व सूचना के बेघर होने का आरोप लगाया। डीडीए का कहना है कि सरकारी भूमि की सुरक्षा प्राथमिकता है, जबकि निवासियों ने उचित पुनर्वास की मांग की।

Dec 12, 2025 05:52 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने सैनिक फार्म में अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ शुक्रवार सुबह बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। डीडीए अधिकारियों के अनुसार सार्वजनिक भूमि पर लंबे समय से चल रहे अतिक्रमण को हटाते हुए एक कोठी सहित कई संरचनाओं पर बुलडोजर चलाए गए। प्राधिकरण का कहना है कि सैनिक फार्म में अवैध कब्जे लगातार बढ़ रहे थे, जिनके खिलाफ अदालतों में भी कई मामले लंबित हैं। डीडीए ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। हालांकि स्थानीय निवासियों ने कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उनका आरोप है कि वर्षों से घरों में रह रहे लोगों को बिना पूर्व सूचना बेघर कर दिया गया। कुछ निवासियों ने बताया कि सुबह चार बजे उन्हें घरों से बाहर निकलने को कहा गया और बच्चों व बुजुर्गों को ठंड में खुले आसमान के नीचे खड़ा होना पड़ा। स्थानीय निवासी निहाल खटाना ने कहा कि वे 30-40 वर्षों से इस इलाके में रह रहे हैं और संपत्ति कर सहित सभी सरकारी करों का भुगतान करते आए हैं। उनके अनुसार, अचानक कार्रवाई से सैकड़ों लोग बेसहारा हो गए हैं। डीडीए का कहना है कि सरकारी भूमि की सुरक्षा प्राथमिकता है, वहीं स्थानीय निवासियों ने पुनर्वास और उचित प्रक्रिया की मांग उठाई है। इस वर्ष डीडीए की प्रमुख कार्रवाई 29 नवंबर : झंडेवालान डीडीए, एमसीडी और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर झंडेवालान मंदिर के पास अवैध कब्जे हटाए। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि यहां 70 वर्षों से श्री नाथ जी मंदिर था, जिसे तोड़ दिया गया। साथ ही करीब 25 झुग्गियों पर कार्रवाई से 80 से अधिक लोग प्रभावित हुए। 16 जून: जेलरवाला बाग, अशोक विहार डीडीए की एसटीएफ ने लगभग एक हजार झुग्गियां ध्वस्त कीं। कई झुग्गियों की जगह दो–तीन मंजिला अवैध इमारतें खड़ी थीं। कार्रवाई के दौरान इलाके को घेराबंदी कर दिया गया। करीब 200 प्रभावित लोगों ने अदालत का रुख किया, जहां से उनकी झुग्गियों पर तोड़फोड़ रोकने के आदेश मिले। बाकी हिस्से पर कार्रवाई जारी रही। 01 जून : जंगपुरा, मद्रासी कैंप अवैध निर्माण के खिलाफ चले अभियान में 300 से अधिक झुग्गियां हटाई गईं। 05 मई : तैमूर नगर दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश पर नाले के किनारे नौ मीटर दायरे में बने अवैध ढांचे, इमारतें और सौ से अधिक मकानों पर कार्रवाई की गई। अवैध डेयरियों को भी हटाया गया। 02 मई : सैनिक फार्म डीडीए ने पुलिस के साथ मिलकर दो बीघा जमीन पर अवैध निर्माणाधीन फार्महाउस को ध्वस्त किया। 24–26 अप्रैल को भी इलाके में अवैध ढांचे हटाए गए थे। उपराज्यपाल के निर्देशों के तहत सैनिक फार्म क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के अभियान लगातार जारी हैं।