
खेल : नागल और दक्षिणेश्वर पर रहेगा दारोमदार
डेविस कप बील (स्विट्जरलैंड), एजेंसी। भारत ने शुक्रवार से मेजबान स्विट्जरलैंड के खिलाफ शुरू
डेविस कप बील (स्विट्जरलैंड), एजेंसी। भारत ने शुक्रवार से मेजबान स्विट्जरलैंड के खिलाफ शुरू हो रहे डेविस कप विश्व ग्रुप एक के इंडोर मुकाबले के लिए युवा दक्षिणेश्वर सुरेश और वापसी कर रहे सुमित नागल को मैदान में उतारा है। भारत की निगाह इस मुकाबले में जीत हासिल करके डेविस कप क्वालिफायर में जगह बनाने पर हैं। भारत के गैर खिलाड़ी कप्तान रोहित राजपाल को अमेरिका में रहने वाले दक्षिणेश्वर को टीम में शामिल करने के लिए उनके कोच को मनाना पड़ा था। मदुरै में जन्मा यह छह फुट पांच इंच लंबा खिलाड़ी अभ्यास सत्र के दौरान उनकी उम्मीदों पर खरा उतरा।

दुनिया के 626वें नंबर के खिलाड़ी दक्षिणेश्वर दुनिया के 155वें नंबर के खिलाड़ी जेरोम किम के खिलाफ मुकाबले की शुरुआत करेंगे। नागल सितंबर 2023 में लखनऊ में मोरक्को के खिलाफ घरेलू मुकाबले के बाद डेविस कप में वापसी कर रहे हैं। जहां उन्होंने भारत की 4-1 की जीत में अपने दोनों एकल मैच जीते थे। वह फरवरी 2024 में ऐतिहासिक मुकाबले के लिए पाकिस्तान नहीं गए। स्वीडन और टोगो के खिलाफ होने वाले मैचों में भी नहीं खेल पाए। उनका हाल में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है जिससे वह विश्व रैंकिंग में 292वें स्थान पर खिसक गए। वह दूसरे एकल में दुनिया के 222वें नंबर के खिलाड़ी मार्क एंड्रिया हसलर के खिलाफ उतरेंगे। भारत शीर्ष युगल खिलाड़ी युकी भांबरी के बिना उतरेगा जो यूएस ओपन अभियान के दौरान लगी एड़ी की चोट से उबर नहीं पाए हैं। उनकी अनुपस्थिति में रोथविक बोल्लीपल्ली एन श्रीराम बालाजी के साथ जोड़ी बनाएंगे। यह जोड़ी युगल मुकाबले में डोमीनिक स्ट्रिकर और याकुब पॉल की स्विट्जरलैंड की जोड़ी से भिड़ेगी। आर्यन शाह को तीसरे एकल खिलाड़ी के रूप में नामित किया गया है। स्विट्जरलैंड ने हाल ही में जूनियर ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन हेनरी बर्नेट को टीम में शामिल किया है। भारत ने विश्व ग्रुप एक प्लेऑफ में टोगो पर 4-0 की शानदार जीत के साथ इस मुकाबले में प्रवेश किया है। जबकि स्विट्जरलैंड को क्वालिफायर में स्पेन के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था। डेविस कप मुकाबलों में भारत स्विट्जरलैंड से 2-1 से आगे है। पिछली बार दोनों टीमें 1993 में कोलकाता में भिड़ी थीं, जब भारत ने लिएंडर पेस और रमेश कृष्णन की एकल जीत के दम पर 3-2 से जीत हासिल की थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




