Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsCyber Police Arrest Four Fraudsters for Credit Card Scam in Delhi
क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी, चार गिरफ्तार

क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी, चार गिरफ्तार

संक्षेप:

नई दिल्ली में साइबर पुलिस ने क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर चार शातिर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता से एक फर्जी ऐप डाउनलोड कराने के बाद उनके फोन को हैक कर 75,694 रुपये की ठगी की गई। आरोपी ऑनलाइन इलेक्ट्रॉनिक्स खरीदकर उन्हें बेचते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को सूरजकुंड से गिरफ्तार किया।

Feb 10, 2026 07:05 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, कार्यालय संवाददाता। शहादरा जिला साइबर पुलिस ने क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर चार्टर्ड अकाउंटेंट महिला से ठगी करने वाले चार शातिर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को बैंक एजेंट बताकर पीड़िता से एक फर्जी ऐप डाउनलोड कराते थे और मोबाइल हैक कर कार्ड से खरीदारी कर लेते थे। पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सुपौल निवासी 24 वर्षीय अभिषेक कुमार झा, फरीदाबाद निवासी 23 वर्षीय आशीष कुमार ओझा, 37 वर्षीय विवेक कुमार और पुलप्रह्लादपुर निवासी 23 वर्षीय इकरार के रूप में हुई है। इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पीड़िता, कृष्णा नगर निवासी सीए सोनम चौहान ने शिकायत में बताया कि एक व्यक्ति ने बैंक एजेंट बनकर व्हाट्सएप पर संपर्क किया और क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर एपीके फाइल भेजी। फाइल इंस्टॉल करते ही फोन हैक हो गया और बिना जानकारी 75,694 रुपये निकाल लिए गए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन इलेक्ट्रॉनिक्स समेत अन्य सामान खरीदा और उसकी डिलीवरी फरीदाबाद के चार्मवुड विलेज में करवाई। तकनीकी निगरानी और ट्रेसिंग के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को सूरजकुंड के लक्कड़पुर गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आशीष को बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग में काम करने का अनुभव था, जिससे उसने ग्राहकों का गोपनीय डेटा जुटाया। विवेक ने बैंक ऐप जैसा फर्जी ऐप तैयार किया, जबकि अभिषेक के नाम पर सिम कार्ड लिए गए। आरोपी ठगी से मंगवाए सामान को ऑनलाइन और ऑफलाइन बेचकर मुनाफा कमाते थे।