आईजीआई पर चार करोड़ रुपये से अधिक का सोना जब्त
नई दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने सोना तस्करी के दो मामलों में कुल 4.35 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया। पहले मामले में एक महिला यात्री के पास से 1843 ग्राम सोना मिला, जबकि दूसरे मामले में दो पुरुष यात्रियों के पास से 1329 ग्राम सोना बरामद हुआ।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कस्टम अधिकारियों ने सोना तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 4.35 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना जब्त किया है। दोनों मामलों में तीन विदेशी यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। पहला मामला 26 फरवरी 2026 को दर्ज किया गया। इसमें 39 वर्षीय महिला यात्री को पकड़ा गया। वह 25 फरवरी को अदीस अबाबा से नई दिल्ली पहुंची थी। कस्टम अधिकारियों ने संदेह के आधार पर उसे रोका और सामान की तलाशी ली। जांच के दौरान उसके बैगेज में छिपाकर रखे गए 1843 ग्राम उच्च शुद्धता वाले सोने के आभूषण बरामद किए गए।
जब्त सोने का कुल मूल्य 2,37,05,811 रुपये आंका गया। पूछताछ में यात्री ने स्वीकार किया कि उसने सीमा शुल्क का भुगतान किए बिना और जांच से बचने के उद्देश्य से सोने की तस्करी की थी। दूसरा मामला 23 फरवरी 2026 का है। एयरपोर्ट कस्टम प्रिवेंटिव विंग ने म्यांमार के दो पुरुष यात्रियों को पकड़ा। अंतरराष्ट्रीय आगमन हॉल के ग्रीन चैनल से गुजरते समय उन्हें रोका गया। तलाशी और सामान की जांच के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने सोने की छड़ों को अपने शरीर के अंदर छिपाया हुआ है। बाद में प्रत्येक यात्री के पास से चार-चार आयताकार सोने की छड़ें बरामद की गईं। कुल आठ गोल्ड बार का शुद्ध वजन 1329 ग्राम पाया गया, जिसका टैरिफ मूल्य 1,98,34,740 रुपये आंका गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



