‘द केरल स्टोरी-2’ नहीं हुई रिलीज, लौटाया जा रहा टिकट का पैसा

Feb 27, 2026 04:49 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

फिल्म 'द केरल स्टोरी 2-गोज बियॉन्ड' की रिलीज पर रोक लग गई है, और याचिकाकर्ताओं के वकीलों ने बताया कि टिकट की बुकिंग जारी थी। न्यायमूर्ति थॉमस ने कहा कि फिल्म की रिलीज पर 15 दिनों के लिए रोक लगाई गई है। प्रियंका गांधी ने कहा कि लोगों को अभिव्यक्त करने की अनुमति होनी चाहिए।

‘द केरल स्टोरी-2’ नहीं हुई रिलीज, लौटाया जा रहा टिकट का पैसा

कोच्चि, एजेंसी। फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2-गोज बियॉन्ड’ की रिलीज का विरोध करने वाले याचिकाकर्ताओं के वकीलों ने शुक्रवार को कहा कि फिल्म रिलीज नहीं की गई है और बुक किए गए टिकट का पैसा लोगों को लौटाया जा रहा है। याचिकाकर्ताओं में से एक श्रीदेव नंबूदरी के वकील मैत्रेयी सच्चिदानंद हेगड़े ने शुक्रवार सुबह न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस को बताया था कि फिल्म की रिलीज पर रोक के बावजूद टिकट की बुकिंग जारी थी। हालांकि, दोपहर में उन्होंने कहा कि वह फिल्म के निर्माता के खिलाफ अवमानना याचिका दायर नहीं करेंगी क्योंकि फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है और टिकट की बिक्री से मिली राशि लोगों को वापस की जा रही है।

न्यायमूर्ति थॉमस ने गुरुवार को यह कहते हुए फिल्म की रिलीज पर 15 दिनों के लिए रोक लगा दी कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने निर्धारित दिशानिर्देशों पर ध्यान नहीं दिया और कानून की स्पष्ट रूप से अवहेलना हुई है। बाद में रात में निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने न्यायमूर्ति सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति पी वी बालकृष्णन की खंडपीठ के समक्ष अपील दायर की, जिसने सभी पक्षों की दलीलें विस्तार से सुनने के बाद मामले में आदेश सुरक्षित रख लिया। हालांकि, पीठ ने एकल न्यायाधीश के फैसले को बरकरार रखते हुए कोई अंतरिम निर्देश जारी नहीं किया। वायनाड (केरल), एजेंसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2-गोज बियॉन्ड’ से जुड़े विवाद को लेकर शुक्रवार को कहा कि लोगों को खुद को अभिव्यक्त करने की अनुमति दी जानी चाहिए, लेकिन बेहतर होगा कि ऐसी चीजें बनाएं जो लोगों को खुशी दें और शांति, प्रेम और कल्याण को बढ़ावा दें। वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका ने कहा कि वायनाड में भूस्खलन की घटना के बाद सभी ने एक-दूसरे की मदद की और अपने धर्म या जाति की परवाह किए बिना ऐसा करना जारी रखा है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि यह वह भावना है जो वास्तव में भारत का सार और केरल की भावना है और यही इसके बारे में बहुत सुंदर है। तिरुवनंतपुरम, एजेंसी। केरल हाईकोर्ट द्वारा फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के आदेश का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि यह फिल्म राज्य के सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक ताने-बाने को बदनाम करने की मंशा से बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि केरल को बदनाम करने के लिए दुष्प्रचार के प्रयास के खिलाफ अदालत का हस्तक्षेप सराहनीय है। उन्होंने याचिकाकर्ताओं को भी बधाई दी और समय पर कानूनी हस्तक्षेप के लिए उनकी सराहना की।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।