
तेजस्वी यादव की सभा में पीएम की मां को अपशब्द कहने का वीडियो वायरल
भाजपा के पातेपुर विधायक लखेंद्र रौशन ने फेसबुक पर एक वीडियो साझा किया जिसमें दावा किया गया कि महुआ में तेजस्वी यादव की सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को अपशब्द कहे गए। इस वीडियो ने सोशल...
महुआ (वैशाली), संवाद सूत्र। भाजपा के पातेपुर विधायक लखेंद्र रौशन ने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने दावा किया है कि शनिवार शाम को महुआ में हुई नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को कुछ लोगों ने अपशब्द कहे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, ‘हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। बिहार अधिकार यात्रा के तहत तेजस्वी यादव शनिवार शाम को महुआ के गांधी मैदान में आयोजित जनसभा में पहुंचे। देर होने की वजह से वह करीब 10 मिनट ही मंच पर रुके और भाषण देकर वहां से निकल गए।

भाजपा विधायक लखेंद्र रौशन ने फेसबुक पोस्ट में दावा किया है कि सभा में तेजस्वी यादव के आदेश पर महुआ के राजद विधायक मुकेश रौशन के इशारे करने के बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की मां को कई बार अपशब्द कहे। पातेपुर विधायक ने वैशाली जिला प्रशासन से ऐसे कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर कार्रवाई करने की मांग की है। बता दें कि पिछले महीने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान भी दरभंगा जिले में एक मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को अपशब्द कहने का वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले पर भाजपा ने देशभर में प्रदर्शन किया था। तोड़-मरोड़कर जारी किया वीडियो : मुकेश महुआ के राजद विधायक मुकेश रौशन ने कहा कि भाजपा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की लोकप्रियता से घबरा गई है। इसलिए तोड़-मरोड़ कर वीडियो को जारी किया गया है। लोकतंत्र का अपमान : सम्राट उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के मंच से, उनकी मौजूदगी में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता के लिए अपशब्द कहा गया है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और लोकतंत्र का अपमान है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही विपक्ष की राजनीति है। उपमुख्यमंत्री ने कहा, बिहार की जनता इस राजनीति को अच्छी तरह समझ रही है और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




