
पीएम सुनिश्चित करें कि दक्षिण अफ्रीका जी-20 सम्मेलन में शामिल हो : कांग्रेस
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि वह अमेरिका में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में दक्षिण अफ्रीका को आमंत्रण न दिए जाने के मुद्दे को उठाएं। पार्टी का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका को जी-20 में शामिल होना चाहिए क्योंकि वह अफ्रीका की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि वह अमेरिका में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में दक्षिण अफ्रीका को आमंत्रण न दिए जाने के मुद्दे को उठाएं। पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दक्षिण अफ्रीका अगले वर्ष अमेरिका में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल हो। पार्टी प्रवक्ता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, दक्षिण अफ्रीका और भारत विशेष संबंध साझा करते हैं। दोनों देश मूल ब्रिक्स समूह का हिस्सा हैं, जिसमें ब्राजील, रूस और चीन भी शामिल हैं। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि उनके देश की अध्यक्षता में फ्लोरिडा में होने वाले अगले जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए दक्षिण अफ्रीका को निमंत्रण नहीं दिया जाएगा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा है कि दक्षिण अफ्रीका कहीं से भी जी-20 की सदस्यता के लिए योग्य नहीं है। अमेरिका ने दक्षिण अफ्रीका से जी-20 की अध्यक्षता संभाली है और वह 1 दिसंबर 2025 से 30 नवंबर 2026 तक इस समूह का नेतृत्व करेगा। जयराम रमेश ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका शुरुआत से ही जी-20 का हिस्सा रहा है, क्योंकि वह अफ्रीकी महाद्वीप की सकल घरेलू उत्पाद के आधार पर सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने बताया कि दक्षिण अफ्रीका वाशिंगटन में आयोजित पहले जी-20 शिखर सम्मेलन में भी शामिल था, जिसकी अध्यक्षता तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने की थी। इसके बाद हुई सभी जी-20 बैठकों में उसकी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही है। उन्होंने कहा कि भारत दशकों तक दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद के खिलाफ वैश्विक अभियान का अग्रणी रहा है और उपनिवेशवाद समाप्त करने के संघर्ष में भी उसका साथ दिया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




