Congress President Requests PM Modi for Memorial Site for Former PM Manmohan Singh मनमोहन की अंत्येष्टि वहीं हो जहां स्मारक बन सके: खरगे , Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsCongress President Requests PM Modi for Memorial Site for Former PM Manmohan Singh

मनमोहन की अंत्येष्टि वहीं हो जहां स्मारक बन सके: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर करने का आग्रह किया जहां उनका स्मारक बन सके। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 27 Dec 2024 09:39 PM
share Share
Follow Us on
मनमोहन की अंत्येष्टि वहीं हो जहां स्मारक बन सके: खरगे

- कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर किया आग्रह नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए जहां उनका स्मारक बन सके। कांग्रेस अध्यक्ष ने इस बाबत प्रधानमंत्री से टेलीफोन पर बात की साथ ही उन्हें पत्र भी लिखा।

खरगे ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा, मैं यह पत्र भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के दुखद निधन के संदर्भ में लिख रहा हूं। टेलीफोन पर बातचीत में मैंने डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार, जो कल यानी 28 दिसंबर 2024 को होगा, उनके अंतिम विश्राम स्थल पर करने का अनुरोध किया। यह भारत के महान सपूत के स्मारक के लिए एक पवित्र स्थल होगा। उन्होंने कहा कि यह आग्रह राजनेताओं और पूर्व प्रधानमंत्रियों के अंतिम संस्कार के स्थान पर ही उनके स्मारक रखने की परंपरा को ध्यान में रखते हुए है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, डॉ. मनमोहन सिंह देश और इस देश के लोगों के मानस में एक अत्यंत सम्मानित स्थान रखते हैं। हालांकि उनका योगदान और उपलब्धियां अभूतपूर्व हैं। मैं यहां उनकी कुछ अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर ध्यान देना चाहूंगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, विश्व नेताओं के मन में डॉ. मनमोहन सिंह के प्रति आदर और सम्मान था। वैश्विक आर्थिक वित्तीय संकट को कम करने में उनकी विद्वतापूर्ण सलाह, नेतृत्व और योगदान को अच्छी तरह से स्वीकार किया जाता है। जैसा कि मुझे याद है, अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान राष्ट्रपति ओबामा ने डॉ. सिंह का उल्लेख किया था और टिप्पणी की थी कि जब भी भारतीय प्रधानमंत्री बोलते हैं, तो पूरी दुनिया उन्हें सुनती है। उन्होंने आग्रह किया कि अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए जहां उनका स्मारक बन सके।

--

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री को दी गई श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। कांग्रेस की सर्वोच्च इकाई कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) ने शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए बैठक की।

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने चर्चा की कि दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के लिए उनके कद के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए। साथ ही स्मारक के लिए उचित स्थान दिया जाना चाहिए। इसे लेकर सरकार से बातचीत की जा रही है। कांग्रेस महासचिव अविनाश पांडे ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और मनमोहन सिंह का परिवार अंतिम संस्कार और स्मारक की जगह के लिए सरकार से बातचीत कर रहे हैं।

कार्य समिति की बैठक में पारित प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि कांग्रेस मनमोहन सिंह की स्मृति को संजोने और उनके योगदान को आगे बढ़ाने का संकल्प लेती है।

बैठक में खरगे के साथ ही कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता विपक्ष और सांसद राहुल गांधी एवं अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

--

मेरे मित्र, दार्शनिक और मार्गदर्शक थे मनमोहन सिंह: सोनिया गांधी

नई दिल्ली। सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन को शुक्रवार को अपने लिए बड़ी व्यक्तिगत क्षति करार दिया। उन्होंने कहा कि वह उनके लिए ‘मित्र, दार्शनिक और मार्गदर्शक थे। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी के लोग और भारत के लोग हमेशा इस बात पर गर्व करेंगे तथा आभारी रहेंगे कि मनमोहन सिंह ऐसे नेता थे, जिनका भारत की प्रगति और विकास में योगदान अतुलनीय है। मालूम हो कि वर्ष 2004 से 2014 के दौरान जब सिंह प्रधानमंत्री थे, तो उस समय सोनिया गांधी कांग्रेस और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की प्रमुख थीं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।