अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच हो : कांग्रेस
कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्या मामले में भाजपा और उत्तराखंड सरकार पर आरोप लगाया है कि वे आरोपियों को बचा रहे हैं। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने एक वीडियो का हवाला दिया है, जिसमें पूर्व भाजपा विधायक की पत्नी हत्या से जुड़े सच बताती हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस ने मंगलवार को अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा और उत्तराखंड सरकार पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया और मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की। इंदिरा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने एक महिला द्वारा जारी वीडियो का हवाला दिया, जो खुद को एक पूर्व भाजपा विधायक की पत्नी बता रही है। गोदियाल ने दावा किया कि इस वीडियो से हत्या से जुड़ी कई सच्चाइयां सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि अगर अगले 10-12 दिनों में सीबीआई जांच का फैसला नहीं लिया गया, तो कांग्रेस गढ़वाल मंडल में बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगी।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा और राज्य सरकार ने मामले को दबाने, आरोपियों को बचाने और अंकिता को न्याय न मिलने देने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच किसी वर्तमान या सेवानिवृत्त सुप्रीम कोर्ट जज की निगरानी में सीबीआई से कराई जानी चाहिए। गौरतलब है कि पौड़ी जिले के एक रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाली अंकिता भंडारी की 18 सितंबर 2022 को हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी गठित की थी। अदालत ने रिसॉर्ट मालिक और एक भाजपा नेता के बेटे पुलकित आर्य और दो अन्य आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




