
जंगल का कानून हावी, ताकत ही अधिकार : कांग्रेस
वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। शशि थरूर ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया, जबकि अभिषेक मनु सिंघवी ने इसे साम्राज्यवादी सोच की वापसी कहा। वामदलों ने भी अमेरिका की कार्रवाई की निंदा करते हुए विरोध प्रदर्शन की अपील की।
नई दिल्ली, एजेंसी। वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। लोकसभा सांसद शशि थरूर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है और अब ‘जंगल का कानून’ चल रहा है। थरूर ने एक्स पर लिखा, आज ‘माइट इज राइट’ यानी ताकत ही अधिकार बन गया है। राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने इस कार्रवाई को साम्राज्यवादी सोच की वापसी बताया। उन्होंने कहा, क्रूज मिसाइल से सत्ता परिवर्तन और युद्धपोत से लोकतंत्र थोपना नेतृत्व नहीं, बल्कि 21वीं सदी की भाषा में 19वीं सदी का साम्राज्यवाद है। वामदल विरोध में प्रदर्शन करेंगे वामदलों ने भी मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को अमेरिका द्वारा हिरासत में लिए जाने को आक्रामक कार्रवाई और अपहरण करार देते हुए निंदा की है।
साथ ही लैटिन अमेरिका के लोगों के समर्थन में देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। सीपीआई, सीपीआई(एम), सीपीआई(एमएल) लिबरेशन, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक और आरएसपी ने संयुक्त बयान में कहा कि अमेरिकी कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन है। आरोप लगाया कि अमेरिका वेनेजुएला के तेल संसाधनों पर कब्जे की मंशा से यह कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने भारत सरकार से भी अपील की कि वह अमेरिका की कार्रवाई की निंदा करे और वेनेजुएला के साथ मजबूती से खड़ी हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




