कांग्रेस ने ईरान पर सरकार को घेरा
- युद्ध पर सरकार की प्रतिक्रिया भारतीय मूल्यों और हितों के साथ विश्वासघात -

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। कांग्रेस ने अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमलों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है। पार्टी का कहना है कि ईरान पर थोपे गए युद्ध पर सरकार की प्रतिक्रिया भारतीय मूल्यों, सिद्धांतों, चिंताओं और हितों के साथ विश्वासघात है। इसके साथ पार्टी ने सरकार से प्रभावित देशों से सभी भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की हत्या के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि लोकतांत्रिक दुनिया के तथाकथित नेताओं की तरफ से एक संप्रभु देश के नेतृत्व की लक्षित हत्या और बेगुनाह लोगों की हत्या बेहद अफसोसनाक और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि इसकी कड़ी निंदा होनी चाहिए। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि अब कई देश लड़ाई में घसीटे जा रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि दुनिया को लड़ाइयां नहीं, बल्कि शांति चाहिए। इसकी जिम्मेदारी संभालने वालों को बापू की बात याद रखनी चाहिए कि आंख के बदले आंख पूरी दुनिया को अंधा बना देती है। विदेश नीति बेनकाब हो चुकी है : जयराम रमेश पार्टी महसचिव जयराम रमेश ने भी इस युद्ध को लेकर भारत की प्रतिक्रया पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की विदेश नीति की विषयवस्तु और उसके तौर तरीकों की भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जितना भी दावे करे, लेकिन हमारी विदेश नीति बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 25-26 फरवरी को इजरायल की यात्रा ऐसे समय में की, जब पूरी दुनिया को जानकारी थी कि शासन परिवर्तन के उद्देश्य से ईरान पर अमेरिका और इजरायल का सैन्य हमला कभी भी हो सकता है। प्रधानमंत्री के इजरायल से रवाना होने के केवल दो दिन बाद ही यह हमला शुरू हो गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



