राहुल गांधी को धमकी हिंसा की सुनियोजित साजिश : कांग्रेस
कांग्रेस ने राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी को लेकर सरकार की आलोचना की है। पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इसे हिंसा की सुनियोजित साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि एक और गोडसे तैयार किया जा रहा है। केसी वेणुगोपाल ने भी इस मामले में भाजपा पर आरोप लगाया है कि यह शत्रुता की जहरीली संस्कृति का परिणाम है।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। कांग्रेस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दिए जाने को लेकर सरकार को घेरा है। पार्टी ने इसे राहुल गांधी के खिलाफ हिंसा की सुनियोजित साजिश करार देते हुए कहा है कि एक और गोडसे को तैयार किया जा रहा है। पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट कर कहा कि पहले भी नाथूराम गोडसे तैयार किया गया था। आज फिर एक और गोडसे को तैयार किया जा रहा है। उन्होंने अपने पोस्ट के साथ एक वीडियों भी साझा किया है। इस वीडियों में राजस्थान के एक व्यक्ति को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का अपमान करने को लेकर राहुल गांधी सहित 25 सांसदों को कथित तौर गोली मारने की धमकी देते हुए सुना जा सकता है।
पवन खेड़ा ने कहा कि सबसे पहले संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने सार्वजनिक रूप से देश को गुमराह किया कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष का अपमान किया। जबकि उपलब्ध वीडियो फुटेज उनके दावे का खंडन करती है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बताते हुए उन्हें बदनाम किया गया। पवन खेड़ा ने कहा कि यह विपक्ष को बदनाम करने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों व राहुल गांधी के खिलाफ हिंसा को वैध ठहराने का एक सुनियोजित अभियान है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि स्वघोषित भक्त, नेता प्रतिपक्ष को जान से मारने की खुलेआम धमकियां दे रहे हैं। यह संसद से लेकर राजनीतिक रैलियों तक, राष्ट्रीय विमर्श में भाजपा द्वारा पैदा की गई शत्रुता और प्रतिशोध की जहरीली संस्कृति का प्रत्यक्ष परिणाम है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


