
केंद्र सरकार ने लद्दाख के लोगों के साथ धोखा किया: राहुल गांधी
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर लद्दाख के लोगों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने हिंसा के खिलाफ न्यायिक जांच की मांग की और कहा कि मोदी सरकार ने लद्दाख के वीर...
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर लद्दाख के लोगों के साथ धोखा करने का आरोप मंगलवार को लगाया। पार्टी ने सरकार से हिंसा और डर की राजनीति बंद कर लोगों के साथ संवाद करने और प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की घटना की न्यायिक जांच की मांग की है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लद्दाख के लोगों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार को हिंसा और डर की राजनीति बंद कर संवाद करना चाहिए। इसके साथ उन्होंने पूर्व सैनिक की मौत का मुद्दा भी उठाया है।
राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की घटना की न्यायिक जांच की भी मांग की है। दरअसल, 24 सितंबर को हुई हिंसा में कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिक त्सेवांग थरचिन की भी मौत हो गई थी। अपने पोस्ट के साथ उन्होंने सोशल मीडिया पर त्सेवांग थरचिन के पिता का एक वीडियो भी साझा किया। राहुल गांधी ने पोस्ट कर कहा कि पिता फौजी, बेटा भी फौजी, जिनके खून में देशभक्ति बसी है। फिर भी भाजपा सरकार ने देश के वीर बेटे की गोली मारकर जान ले ली, सिर्फ इसलिए क्योंकि वो लद्दाख और अपने अधिकार के लिए खड़ा था। उन्होंने कहा कि पिता की दर्द भरी आंखें बस एक सवाल कर रही है, क्या देश सेवा का यही सिला है। सरकार से मांग करते हुए उन्होंने कहा कि लद्दाख में हुई इन हत्याओं की निष्पक्ष न्यायिक जांच होनी ही चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी त्सेवांग थरचिन की मौत पर अफसोस जताया है। खरगे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि लद्दाख का दुख पूरे देश का दुख है। शहीद त्सेवांग थरचिन ने कारगिल युद्ध में भारत माता के प्रति अपना कर्तव्य निभाया, पर बदले में क्या मिला। लद्दाख में मोदी सरकार की गोली। उन्होंने दावा किया कि गलवान में जब हमारे 20 वीर जवानों ने लद्दाख के एलएसी पर देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी, तब खुद प्रधानमंत्री ने चीन को क्लीनचिट थमाई थी। तब उन्हें हमारे जांबाजों की वीरता की याद न आई, तो अब क्या खाक आएगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, जो चीन को क्लीनचिट दे सकते हैं, वो हमारे थरचिन जैसे वीर जवानों की शहादत का मान क्या रखेंगे। उन्होंने इसे भाजपा का खोखला राष्ट्रवाद करार दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




