महिलाओं की सुरक्षा और आर्थिक संकट पर जेईएच ने जताई चिंता

Mar 07, 2026 05:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने शनिवार

महिलाओं की सुरक्षा और आर्थिक संकट पर जेईएच ने जताई चिंता

नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने शनिवार को संगठन मुख्यालय में आयोजित मासिक संवाददाता सम्मेलन में महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ती आर्थिक चुनौतियों और पश्चिम एशिया में तेज हो रहे सैन्य तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के संदर्भ में उन्होंने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करना महत्वपूर्ण है, लेकिन बढ़ते अपराध यह याद दिलाते हैं कि उनकी सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई अभी अधूरी है। राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में देश में महिलाओं के खिलाफ 4.45 लाख से अधिक अपराध दर्ज हुए।

इनमें दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और मानव तस्करी जैसे मामले शामिल हैं। उसी वर्ष 31 हजार से अधिक दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए, यानी औसतन प्रतिदिन लगभग 85 मामले सामने आए।उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में एक-तिहाई से अधिक मामले घरेलू हिंसा से जुड़े हैं, जो यह दर्शाता है कि कई बार हिंसा घर के भीतर ही होती है। साथ ही महिलाओं और लड़कियों के लापता होने की बढ़ती घटनाएं भी गंभीर चिंता का विषय हैं, क्योंकि इनमें तस्करी और शोषण का खतरा बना रहता है।आर्थिक मुद्दों पर बोलते हुए हुसैनी ने केंद्रीय बजट 2026-27 के बाद की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आय वितरण, रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष से कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और महंगाई का दबाव बढ़ सकता है, जिसका असर आम लोगों और छोटे कारोबारों पर पड़ेगा।उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी सैन्य कार्रवाइयों पर भी चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में बढ़ता तनाव बड़े क्षेत्रीय संघर्ष का रूप ले सकता है। उनके अनुसार स्थायी शांति केवल संवाद, संप्रभुता के सम्मान और न्याय तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन से ही संभव है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।