सोशल मीडिया की सलाह मानने से छात्रा की मौत

Jan 21, 2026 05:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

मदुरै में एक कॉलेज छात्रा ने वजन कम करने के लिए सोशल मीडिया पर बताए गए तरीके से 'बोरेक्स' का सेवन किया। 19 वर्षीय कलैयारसी ने वीडियो देखकर इसे खरीदा और सेवन किया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सोशल मीडिया की सलाह मानने से छात्रा की मौत

- वजन कम करने के लिए वीडियो में बताए गए ‘बोरेक्स’ का सेवन किया था मदुरै, एजेंसी। वजन घटाने के लिए सोशल मीडिया पर एक वीडियो में बताए गए तरीके के अनुसार ‘वेंकारम (बोरेक्स)’ का सेवन करने के बाद एक कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय कलैयारसी दिहाड़ी मजदूर वेल मुरुगन और विजयलक्ष्मी की पुत्री थी। वह नरिमेडु स्थित कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। पुलिस ने बताया कि वजन ज्यादा होने के कारण कलैयारसी अक्सर वजन घटाने के उपाय तलाशती रहती थी। पिछले सप्ताह उसने वजन घटाने और छरहरी काया के लिए वेंकारम शीर्षक वाला एक यूट्यूब वीडियो देखा और 16 जनवरी को कीझामासी स्ट्रीट के थर्मुट्टी इलाके के पास स्थित दवा की एक दुकान से यह पदार्थ खरीदा।

एक दिन में ही हालत बिगड़ी कलैयारसी ने 17 जनवरी को वीडियो में बताए गए तरीके से इसका सेवन किया, जिसके बाद उसे उल्टी और दस्त होने लगे। उसकी मां उसे मुनिसलाई स्थित एक निजी अस्पताल ले गई। उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। लेकिन, उसी शाम लक्षण दोबारा उभरे और पास के एक अन्य अस्पताल में इलाज के बाद घर लौटने पर उसने तेज पेट दर्द और मल में खून आने की शिकायत की। पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे उल्टी और दस्त की स्थिति गंभीर हो गई, जिसके बाद पड़ोसियों की मदद से उसे सरकारी राजाजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।