
पूरे उत्तर भारत में आज से फिर हिमपात, बारिश के आसार
उत्तर और मध्य भारत में सर्दी बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 31 जनवरी से 7 फरवरी तक हिमालयी राज्यों में बर्फबारी और उत्तर पश्चिम तथा मध्य भारत में बारिश की चेतावनी दी है। घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति भी बनी रहेगी, खासकर हिमाचल और हरियाणा में।
नई दिल्ली/ जयपुर/ शिमला, एजेंसी। उत्तर और मध्य भारत में एक बार फिर सर्दी का अहसास बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने शनिवार (31 जनवरी) से सात फरवरी तक हिमालयी राज्यों में बर्फबारी और उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में बारिश होने की संभावना जताई है। शुक्रवार को मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में 31 जनवरी से सात फरवरी तक एक के बाद एक तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की जानकारी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी से तीन फरवरी तक सक्रिय रहेंगे। इनके चलते पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
वहीं, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद, तीसरा पश्चिमी विक्षोभ पांच फरवरी से सक्रिय हो जाएगा। इस विक्षोभ के कारण एक बार फिर सात फरवरी तक बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़ में घना कोहरा छाएगा मौसम विभाग के अनुसार, एक फरवरी तक उत्तर-पश्चिम और उससे सटे मध्य भारत के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। पूरे भारत में छिटपुट बारिश मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 31 जनवरी से दो फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में गरज और तेज हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर काफी व्यापक बारिश/ बर्फबारी हो सकती हे। इसी तरह एक फरवरी को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश होने की संभावना है। वहीं, दो फरवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश और दो व तीन फरवरी को पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज और बिजली के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। राजस्थान में शीतलहर की स्थिति रही जयपुर। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को राज्य भर में शीतलहर की स्थिति बनी रही। कई जगहों पर घना कोहरा छाया रहा। अनुमान जताया कि अजमेर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों के साथ-साथ शेखावाटी क्षेत्र में 31 जनवरी को बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दो फरवरी तक इसी तरह का मौसम रह सकता है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 4.8, सिरोही में 4.9, अलवर में 5.0, लूणकरणसर और फतेहपुर में 5.9 और गंगानगर में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




