खराब जीवनशैली से बढ़ रहा किडनी रोग: अनुप्रिया पटेल
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि क्रोनिक किडनी रोग (सीकेडी) भारत में मौत का नौवां सबसे बड़ा कारण बन रहा है, जिसका प्रमुख कारण मधुमेह और हाइपरटेंशन है। खानपान और जीवनशैली के बिगड़ने से ये समस्याएं बढ़ रही हैं। केंद्र सरकार किडनी रोग की रोकथाम और इलाज के लिए कई उपाय कर रही है।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि क्रोनिक किडनी रोग (सीकेडी) भारत में मौत का नौवां सबसे बड़ा कारण बन रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण मधुमेह और हाइपरटेंशन है। उन्होंने कहा कि खानपान में नमक, चीनी व प्रसंस्कृत खाद्य वस्तुओं का अधिक इस्तेमाल, बिगड़ती जीवनशैली व मोटापा के कारण मधुमेह व हाइपरटेंशन की समस्या बढ़ रही है। मौजूदा समय में हर घर में किसी न किसी को मधुमेह व हाइपरटेंशन है। इस वजह से किडनी रोग का खतरा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण भी बीमारियां बढ़ने का कारण बन रहा है। देखा जा रहा है कि काफी संख्या में युवा किडनी रोग से पीड़ित हो रहे हैं।
केंद्र सरकार किडनी रोग के इलाज के लिए डायलिसिस व प्रत्यारोपण की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ बीमारियों की स्क्रीनिंग व रोकथाम पर जोर दे रही है। ‘सही खाओ’ अभियान के तहत लोगों को संतुलित, पौष्टिक व मौसमी चीजें खाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जीवनशैली से जुड़ी गैर संचारी बीमारियों की रोकथाम के लिए 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की स्क्रीनिंग की जाती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



