चीन बना रहा चौथा विमानवाहक पोत : रिपोर्ट
संक्षेप: चीन अपने चौथे विमानवाहक पोत का निर्माण कर रहा है, जबकि वह फुजियान नाम के तीसरे विमानवाहक पोत को लॉन्च करने की तैयारी में है। चौथा पोत लियाओनिंग प्रांत के डालियान में बनाया जा रहा है और यह परमाणु उर्जा...

बीजिंग, एजेंसी। चीन कथित तौर पर अपना चौथा विमानवाहक पोत बना रहा है, जबकि वह फुजियान नाम के तीसरे विमानवाहक पोत को लॉन्च करने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। हांगकांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने मंगलवार को विमानवाहक पोत के पतवार की उपग्रह तस्वीरें पोस्ट करते हुए बताया कि चौथे विमानवाहक पोत का निर्माण लियाओनिंग प्रांत के डालियान स्थित एक शिपयार्ड में किया जा रहा है। चीन के पास वर्तमान में दो विमानवाहक पोत- लियाओनिंग और शेडोंग हैं। लियाओनिंग को 2012 में और शेडोंग को 2019 में कमीशन किया गया था। चीनी सैन्य प्रवक्ता झांग शियाओगांग ने पिछले महीने कहा था कि तीसरे विमानवाहक पोत फुजियान को जल्द कमीशन किया जाएगा।
इसने अपना परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चौथा विमान वाहक पोत परमाणु उर्जा से संचालित होगा। अमेरिकी नौसेना के फोर्ड-क्लास विमानवाहक पोत से मुकाबले के लिए तैयार किए जा रहे इस पोत पर 90 से ज्यादा विमान रखे जा सकेंगे। यह इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कैटापल्ट सिस्टम लैस होगा, जो विमानों को तेजी से उड़ान भरने में मदद करेगा। विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के साथ चीन विभिन्न वैश्विक समुद्री मार्गों पर संचालन के लिए और अधिक विमानवाहक पोत बना सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




