खेल : चेन्नई की निगाह विजयी हैट्रिक पर
खेल : निचले पायदान पर चल रहे लखनऊ से आज चेपॉक में होगी टक्कर, प्लेऑफ

चेन्नई, एजेंसी। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम रविवार को निचले पायदान पर चल रहे लखनऊ सुपर जायंट्स पर जीत के साथ विजयी हैट्रिक लगाने उतरेगी। पांच बार के चैंपियन प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अब सभी मुकाबले जीतने होंगे। एक भी गलती उसके लिए भारी पड़ सकती है। वहीं लखनऊ की आगे बढ़ने की संभावनाएं लगभग खत्म हो चुकी हैं। ऐसे में पंत की टीम अन्य टीमों का खेल बिगाड़ने की कोशिश करेगी। चेन्नई के अभी तक के अभियान में निरंतरता का अभाव रहा है। उसने घरेलू मैदान और विरोधी टीम के मैदान दोनों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं किया है। टीम अब चेपॉक में वापसी करेगी। उसके पास लखनऊ के खिलाफ लय हासिल करने का बेहतरीन मौका है। चेन्नई का पूरा अभियान काफी हद तक संजू सैमसन के इर्द-गिर्द घूमता रहा है। उनकी शीर्ष क्रम में अच्छी पारियों ने अक्सर टीम की किस्मत तय की है.
टीम के नए खिलाड़ी
टीम के नए खिलाड़ी सैमसन बल्लेबाजी के आधार स्तंभ के रूप में उभरे हैं। वहीं कप्तान रुतुराज गायकवाड़ बल्लेबाजी में निरंतरता बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। रुतुराज ने दो अर्धशतकीय पारियां खेलकर फॉर्म में वापसी की है। वह हालांकि दिल्ली के खिलाफ पिछले मैच में असफल रहे। सैमसन ने नाबाद पारी खेलकर टीम को दिल्ली के घर में शानदार जीत दिलाई थी। टीम को मध्यक्रम के बल्लेबाजों ब्रेविस, कार्तिक, ओवरटन और दुबे से भी अच्छे योगदान की उम्मीद होगी। धौनी पिंडली की चोट के कारण कोई मैच नहीं खेल पाए हैं। उन्होंने हालांकि नेट पर अभ्यास किया है। चेपॉक की पिचों के व्यवहार में बदलाव देखने को मिला। अब यह अपनी पारंपरिक रूप से बेहद धीमी और स्पिन गेंदबाजों की मददगार प्रकृति से बदलकर अधिक संतुलित और बल्लेबाजों के लिए अनुकूल हो गई हैं। इसके बावजूद यहां स्पिनरों को कुछ मदद मिल रही है। ऐसे में बीच के ओवरों में अकील और नूर की जोड़ी चेन्नई के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है.
लखनऊ की स्थिति
वहीं लखनऊ और उसके कप्तान पंत के लिए यह सत्र निराशाजनक रहा है। पंत अब तक बल्लेबाजी में अपने रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये की कीमत को सही साबित करने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने पिछले मैच में बेंगलुरु के खिलाफ नाबाद 32 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को लगातार छह हार के बाद जीत दिलाई। पर उनका समग्र प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम न तो बल्लेबाजी और न ही गेंदबाजी में एकजुट होकर प्रदर्शन कर पाई है। मार्श ने नाबाद शतकीय पारी खेलकर लय में वापसी के संकेत दिए हैं। गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी कर रहे हैं। उन्हें प्रिंस यादव और स्पिनर शाहबाज और दिग्वेश राठी का उपयोगी सहयोग मिल रहा है.
----------------
प्रसारण : दोपहर 3:30 बजे से
स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर
---------------------
आमने-सामने
कुल मैच : 6
चेन्नई जीता : 2
लखनऊ जीता : 3
बेनतीजा : 1
--------------
नंबर गेम
-5 विकेट से हराया था चेन्नई ने पिछले साल खेले गए एकमात्र मुकाबले में लखनऊ को
- 2 मैच चेपॉक में दोनों ने खेले हैं जिसमें एक चेन्नई और एक लखनऊ ने जीता है
------------------------
प्रश्नोत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


