लोकसभा: मंत्री जेब में हाथ डालकर जवाब न दें: ओम बिरला

लोकसभा: मंत्री जेब में हाथ डालकर जवाब न दें: ओम बिरला

संक्षेप:

लोकसभा में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी को प्रश्नकाल के दौरान अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें दो बार टोका, पहले जेब में हाथ डालकर जवाब देने पर और फिर गुस्से में जवाब देने पर। उन्होंने मंत्रियों से संक्षिप्त प्रश्न पूछने और जवाब देने की सलाह दी।

Dec 11, 2025 05:51 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। लोकसभा में गुरुवार को केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी को अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा। प्रश्नकाल के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को उन्हें दो बार टोकना पड़ा। हालांकि, पहली बार टोकने पर उन्होंने यह कहकर बचने की कोशिश की कि यह जवाब देने का उनका स्टाइल है, पर लोकसभा अध्यक्ष की सख्त हिदायत से बच नहीं सके। प्रश्नकाल के दौरान पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी एक हाथ अपनी जेब में रखकर कांग्रेस सदस्य शशिकांत सेंथिल के पूरक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। तभी लोकसभा अध्यक्ष ने उन्हें टोकते हुए कहा कि माननीय मंत्री जी जेब में हाथ डालकर जवाब नहीं दें।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इससे पहले गुस्से में जवाब देने को लेकर भी टोका था। हरदीप पुरी शशिकांत सेंथिल के सवालों का बेहद गुस्से के अंदाज में जवाब दे रहे थे। उनकी आवाज भी कुछ ऊंची थी। इस पर ओम बिरला ने टोकते हुए कहा कि आराम से जवाब दीजिए। गुस्सा नहीं कीजिए। मुस्कराकर जवाब दीजिए। इस पर हरदीप पुरी ने कहा कि प्रश्नकाल में उत्तर देने का उनका स्टाइल है। इसके साथ लोकसभा अध्यक्ष ने मंत्रियों और सदस्यों से प्रश्नकाल के दौरान सीधे चर्चा नहीं करने के बजाय आसन के माध्यम से सवाल जवाब करने की भी नसीहत दी। साथ ही संक्षिप्त प्रश्न पूछने और मंत्रियों से उनका संक्षिप्त ही जवाब देने का आग्रह भी दोहराया। ताकि, ज्यादा सदस्यों को सवाल पूछने का मौका मिल सके। माइक की खराबी को लेकर शोर-शराबा इससे पहले प्रश्नकाल में माइक की खराबी को लेकर कुछ देर शोर-शराबा हुआ। तृणमूल कांग्रेस सांसद सजदा अहमद ने अंग्रेजी में जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से सवाल किया। इस पर पाटिल ने कहा कि ध्वनि प्रणाली का अनुवाद काम नहीं कर रहा है। इसलिए, अध्यक्ष ने सजदा अहमद से फिर सवाल पूछने का आग्रह किया। सजदा अहमद ने तीन बार अंग्रेजी में अपना सवाल पूछा पर केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल सिस्टम में अनुवाद का बटन नहीं दबा पाए। इसके बाद जगदंबिका पाल ने सवाल किया, उस वक्त आवाज बंद हो गई। लोकसभा अध्यक्ष को उनसे भी दूसरी और तीसरी बार सवाल पूछने का आग्रह करना पड़ा। तब आवाज सुनाई दी।