विमान रद्द होने के बाद इंडिगो स्टाफ से भिड़ी महिला, एफआईआर दर्जआईआर दर्ज
भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर एक महिला यात्री ने इंडिगो की उड़ान रद्द होने पर हंगामा किया। महिला ने स्टाफ से बहस की और एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना में अन्य यात्री भी शामिल हुए। इंडिगो ने उड़ान में तकनीकी गड़बड़ी का हवाला दिया।

ओडिशा के भुवनेश्वर एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए इंडिगो की विमान सेवा रद्द होने के बाद गुरुवार को एक महिला यात्री ने जमकर हंगामा किया। वायरल वीडियो में महिला इंडिगो स्टाफ से तेज आवाज में बहस करते हुए जिस टेबल पर कंप्यूटर लगा है उसे पीट रही है। एयरपोर्ट प्रशासन ने महिला पर एयरपोर्ट की 49 हजार की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए एफआईआर दर्ज कराई है। बीजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली महिला की पहचान ममोनी खराट के रूप में हुई है। एफआईआर में कहा गया है कि गुरुवार शाम छह बजे हुई इस घटना में महिला सीआईएसएफ कर्मियों की मौजूदगी में इंडिगो स्टाफ के साथ भिड़ गई थी।
इस दौरान मॉनीटर, कीबोर्ड और पासपोर्ट स्वाइपिंग मशीन को क्षति पहुंची। एफआईआर में मांग की गई है कि जिस संपत्ति का नुकसान हुआ है उसकी भरपाई महिला यात्री से कराई जाए। वायरल वीडियो में दिख रहा कि दूसरे यात्री भी स्टाफ से अपनी नाराजगी को व्यक्त कर रहे। इंडिगो ने शुक्रवार को बताया कि इंडिगो विमान 6ई 7352 को भुवनेश्वर से कोलकाता जाना था। उड़ान से पहले विमान में कुछ तकनीकी गड़बड़ी मिलने के बाद उसे रद्द कर दिया गया। नियमों के तहत यात्रियों को सुविधा दी गई लेकिन ऐसी घटना सामने आई है। हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।


