
चांदनी चौक बाजार में महीनों बाद लौटी रौनक
लालकिले के पास धमाके के दो महीने बाद चांदनी चौक बाजार में रौनक लौट आई है। सर्दियों में गर्म कपड़ों और शादी के सीजन की मांग बढ़ने से खरीदारों की संख्या में इजाफा हुआ है। दुकानदारों ने बताया कि ग्राहकों की संख्या बढ़ने से कारोबार में सुधार हो रहा है। सुरक्षा उपायों के चलते लोगों में भरोसा बढ़ा है।
नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। लालकिले के पास धमाके के करीब दो महीने बाद चांदनी चौक बाजार में फिर पहले जैसी रौनक लौटने लगी है। सर्दी में गर्म कपड़ों की बढ़ी मांग और आने वाले शादियों के सीजन के कारण चांदनी चौक बाजार में खरीदारों की संख्या बढ़ गई है। साड़ियां, गर्म सूट, लहंगें, रेडीमेड गारमेंट की मांग बढ़ने से कारोबार भी बढ़ा है, इससे दुकानदारों की चिंताएं कम हुई हैं। बीते 10 नवंबर को लालकिले के पाए हुए धमाके के बाद से न सिर्फ दिल्ली, बल्कि एनसीआर के अन्य शहरों से भी लोग भीड़भाड़ वाले चांदनी चौक बाजार में आने से कतरा रहे थे।
यहां थोक बाजार से माल खरीदने आने की बजाय खुदरा दुकानदार फोन पर ही ऑर्डर बुक करा रहे थे। धमाके के बाद लोगों में बनी दहशत का असर था कि इस बाजार में विदेशी पर्यटकों की संख्या भी बेहद कम हो गई थी। इससे चांदनी चौक का कारोबार करीब 60 फीसदी तक कम हो गया था और इसकी वजह से दुकानदार परेशान थे। चांदनी चौक के दुकानदारों ने बताया कि अब करीब एक सप्ताह से बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगे हैं। धीरे-धीरे लोग दहशत के दायरे से बाहर निकल रहे हैं। बाजार एसोसिएशन ने भी किए प्रयास दिल्ली हिंदुस्तानी मर्केंटाइल एसोसिएशन के महासचिव श्रीभगवान बंसल ने बताया कि धमाके के बाद बने नकारात्मक माहौल को खत्म करने के लिए एसोसिएशनों ने भी प्रयास किए हैं। लोगों में दहशत न बढ़े इसके लिए धमाके के बाद एक भी दिन के लिए बाजार बंद नहीं किया गया। बाजार में सभी क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू कराए गए और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर गश्त भी बढ़ाई गई। इससे न सिर्फ दुकानदारों में बल्कि ग्राहकों में भी सुरक्षा को लेकर भरोसा पैदा हुआ। शादियों के आगामी सीजन के लिए शुरू हुई खरीदारी चांदनी चौक साड़ियों, सूट, लहंगों, शेरवानी अन्य रेडीमेड गारमेंट्स, सोने-चांदी के आभूषणों का थोक बाजार है। दिल्ली के अलावा यहां एनसीआर के अन्य शहरों से भी लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। जनवरी माह में खरमास और शुक्र अस्त होने की वजह से भले शादियों के मुहूर्त न हो, लेकिन 4 फरवरी से ही शहनाई बजनी शुरू हो जाएंगी। एक महीने बाद से शुरू होने वाले शादियों के इस सीजन के लिए लोगों ने अभी से खरीदारी करनी शुरू कर दी है। लहंगा कारोबारियों ने बताया कि फरवरी के लिए लहंगों के ऑर्डर मिलने शुरू हो गए हैं। शादियों के सीजन में चांदनी चौक में ग्राहकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




