टीएमसी कार्यालय में कैरम खेलने पर केंद्रीय बल के तीन जवान निलंबित
सिलीगुड़ी में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यालय के अंदर कैरम खेलते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के तीन जवानों का वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। इस मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आई हैं, जिसमें भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने अपने विचार रखे हैं।

सिलीगुड़ी (प. बंगाल), एजेंसी। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यालय के अंदर कैरम खेलते हुए कथित वीडियो वायरल होने के बाद केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के तीन जवानों को निलंबित कर दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। वायरल वीडियो शनिवार को सामने आया, जिसमें एक जवान तीन स्थानीय युवकों के साथ कैरम खेलता दिख रहा है, जबकि एक अन्य जवान खड़ा है और तीसरा कुर्सी पर बैठा नजर आ रहा है। हालांकि समाचार एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।इस
घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। सिलीगुड़ी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जगन्नाथ चटर्जी ने इसे बेहद निंदनीय और निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों की तैनाती कैसे और कहां हो रही है, यह स्पष्ट नहीं है और यदि स्थानीय प्रशासन या पुलिस की इसमें कोई भूमिका है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संजय अधिकारी ने कहा कि कैरम खेलना अपराध नहीं है, लेकिन किसी राजनीतिक दल के कार्यालय के अंदर ऐसा करना अनुचित है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


