किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं हटेगा : सीईसी
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उनका लक्ष्य स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करना है। आगामी चुनावों में 6,000 से अधिक शतायु मतदाता और 5.23 लाख नए मतदाता मतदान के लिए पात्र होंगे।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा और उसकी प्राथमिकता राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करना है। राजनीतिक दलों और अधिकारियों के साथ कई बैठकों के बाद कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि हमारा लक्ष्य बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव तथा शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता को अपना मत डालने का अवसर मिलेगा। कुमार ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं हटाया जाएगा।मुख्य
निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि आयोग ने राज्य में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों को बिना किसी डर या पक्षपात के कानून के शासन को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है। मतदाताओं की सूची को लेकर जारी एसआईआर का अभ्यास लगभग पूरा होने वाला है। इस बारे में कुमार ने कहा कि निष्पक्ष मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है।कुमार ने कहा कि आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में 6,000 से अधिक शतायु मतदाता और 18-19 आयु वर्ग के 5.23 लाख नए मतदाता मतदान के लिए पात्र होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में लगभग 1.31 करोड़ मतदाता 20 से 30 वर्ष की आयु के बीच हैं। उन्होंने बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 3,78,000 मतदाताओं को अपने घरों पर मतदान करने का विकल्प उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से 210 सामान्य, 68 अनुसूचित जाति के लिए और 16 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में 80,000 से अधिक मतदान केंद्र हैं, जिनमें से 61,000 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


