सीबीएसई ने राहुल के आरोपों को बताया भ्रामक, कहा-नियमों के तहत दिया ठेका

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने राहुल गांधी के आरोपों को खारिज किया है कि ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली का ठेका विवादित कंपनी को दिया गया। बोर्ड ने कहा कि यह आरोप भ्रामक और गलत हैं। ठेका कोएम्प्ट एडुटेक को सभी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए दिया गया, और चयन में कोई अनियमितता नहीं हुई।

सीबीएसई ने राहुल के आरोपों को बताया भ्रामक, कहा-नियमों के तहत दिया ठेका

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस आरोप को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली का ठेका कथित तौर पर विवादित कंपनी को देने का दावा किया था। बोर्ड ने कहा कि यह आरोप भ्रामक, तथ्यहीन और गलत हैं। सीबीएसई ने बुधवार को जारी एक बयान में स्पष्ट किया कि ओएसएम प्रणाली का ठेका कोएम्प्ट एडुटेक को सभी निर्धारित प्रक्रियाओं और सामान्य वित्तीय नियमों (जीएफआर) का पालन करते हुए दिया गया था। बोर्ड के अनुसार, वर्ष 2026 बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के डिजिटल मूल्यांकन के लिए 28 अगस्त 2025 को केंद्रीय सार्वजनिक खरीद (सीपीपी) पोर्टल पर आरएफपी (रक्विेस्ट फॉर प्रपोजल) जारी किया गया था।

तय प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र बोलीदाता को यह ठेका प्रदान किया गया। बोर्ड ने कहा कि एजेंसी को ठेका देने में सामान्य वित्तीय नियमों का पूरी तरह पालन किया गया और चयन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई। स्पष्ट किया कि निविदा, मूल्यांकन और चयन से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं सरकारी खरीद मानकों के अनुरूप पूरी की गईं। पूरी खरीद प्रक्रिया सरकार के ई-प्रोक्योरमेंट प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित की गई ताकि सार्वजनिक खर्च में पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। चयनित कंपनी ने टेंडर दस्तावेज में निर्धारित सभी पात्रता शर्तों को पूरा किया था।सीबीएसई ने किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से इनकार करते हुए कहा कि टेंडर सार्वजनिक रूप से सीपीपी पोर्टल पर जारी किया गया था और सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद ही अनुबंध दिया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।